रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

अंबिकापुर 10 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक आईपीएस अधिकारी के 24 वर्षीय बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बौरीपारा तालाब के पास कुछ युवकों ने उसे घेरकर हाथ-मुक्कों, बेल्ट और कड़े से पीटा। हमले में युवक के सिर, चेहरे और कनपटी पर चोटें आई हैं।पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने चार नामजद युवकों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।घटना 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे की बताई गई है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, नमनाकला
खटिकपारा निवासी लेखांश कांत कुर्रे अपने दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से बौरीपारा में रहने वाले दोस्त प्रिंस गुप्ता के घर जा रहा था।तालाब के पास कार रोककर दोस्त से कर रहा था बात
बताया गया है कि प्रिंस के घर से कुछ दूरी पहले बौरीपारा तालाब के पास लेखांश ने कार रोक दी। इसके बाद वह कार से उतरकर अपने दोस्त प्रिंस से मोबाइल फोन पर बातचीत करने लगा। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद गोलू गणेश,रतन गुप्ता,कोया डॉन,आशुतोष गुप्ता और उनके कुछ साथी भी वहां मौजूद थें!

शिकायत के मुताबिक,बातचीत के दौरान लेखांश ने गोलू गणेश का नाम लिया।इसी बात को लेकर रतन गुप्ता और कोया डॉन ने उससे कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसे गोलू का नाम लेने के बजाय कुछ और कहने को लेकर धमकाया गया।हाथ-मुक्कों, बेल्ट और कड़े से पीटने का आरोप
पीड़ित के अनुसार,विवाद बढ़ने पर गोलू गणेश ने उसका हाथ पकड़ लिया।इसके बाद रतन गुप्ता,कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता समेत अन्य युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।शिकायत में हाथ-मुक्कों के अलावा बेल्ट और कड़े से हमला करने का आरोप लगाया गया है!लेखांश का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके पिता के आईपीएस अधिकारी होने को लेकर भी चुनौतीपूर्ण टिप्पणी की। वहीं, कोया डॉन पर गला दबाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है!मारपीट के दौरान युवक के दोस्तों ने बीच-बचाव कर उसे आरोपियों से छुड़ाया। घटना में उसके सिर, चेहरे और कनपटी पर चोटें आईं, जिसके बाद उसने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ FIR
पीड़ित की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने गोलू गणेश,रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता समेत अन्य के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों, आरोपियों की भूमिका तथा विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।
रायपुर में पदस्थ हैं पीड़ित के पिता
शिकायत में बताया गया है कि लेखांश कांत कुर्रे के पिता रवि कुर्रे आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं।इससे पहले वे कोरिया जिले के एसपी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।लेखांश स्वयं सिक्योरिटी एजेंसी का संचालन करता है।फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी!
