भोले नगर, खेतपारा और गुलमोहर कॉलोनी में बारिश के पानी की निकासी होगी आसान; कमिश्नर के निर्देश पर तकनीकी टीम ने किया प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण
रायगढ़। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से जूझने वाले वार्ड क्रमांक 21 के रहवासियों के लिए राहत की पहल की गई है। नगर निगम प्रशासन इस वार्ड के गुलमोहर कॉलोनी और बेलादुला क्षेत्र में लगभग 93 लाख रुपये की लागत से दो बड़े नालों का निर्माण कराने जा रहा है। इन निर्माण कार्यों से भोले नगर, खेतपारा और गुलमोहर कॉलोनी में बारिश के पानी की निकासी बेहतर होने की उम्मीद है।
दो अलग-अलग नालों पर खर्च होंगे 93 लाख रुपये
प्रस्तावित योजना के तहत अतुल देवांगन के घर से डॉक्टर साहू के घर तक लगभग 50 लाख रुपये की लागत से नाला बनाया जाएगा। वहीं, खेतपारा से गुलमोहर कॉलोनी तक दूसरे नाले का निर्माण लगभग 43 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित है। दोनों कार्यों पर कुल करीब 93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
कमिश्नर के निर्देश पर तकनीकी टीम ने किया निरीक्षण
निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देश पर कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया और उप अभियंताओं की टीम ने वार्ड क्रमांक 21 में प्रस्तावित निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड पार्षद अजय मिश्रा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्थल की स्थिति, पानी के प्राकृतिक बहाव और निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया।
ड्राइंग और डिजाइन पर ठेकेदार से चर्चा
निरीक्षण के दौरान तकनीकी टीम ने संबंधित ठेकेदार के साथ नालों की ड्राइंग, डिजाइन और लेआउट को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने स्थल की परिस्थितियों के अनुरूप निर्माण की रूपरेखा तैयार करने और आवश्यक तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया गया। इस दौरान उप अभियंता सुरेश सिंह, दिलीप उरांव सहित निगम की तकनीकी टीम उपस्थित रही।
स्थायी समाधान के लिए जल निकासी अधोसंरचना पर जोर
कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि बारिश के दौरान जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या सामने आती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी की व्यवस्था मजबूत की जा रही है। वार्ड क्रमांक 21 में दोनों नालों का निर्माण पूरा होने से संबंधित मोहल्लों के नागरिकों को बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलेगी।
उन्होंने निर्माण कार्यों में तकनीकी गुणवत्ता, पानी के उचित प्रवाह और निर्धारित समय-सीमा का ध्यान रखने की बात कही। निगम प्रशासन के अनुसार, इन नालों के निर्माण से वार्ड की जल निकासी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और बारिश के पानी की निकासी अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।