Jashpur Gram Sabha Notice Board: मनोरा जनपद की सोगड़ा, चाड़िया, केसरा और डुमरटोली पंचायतों में लगे सूचना बोर्ड, समर्थक बोले- आदिवासी परंपरा की रक्षा का कदम, विरोध में उठे संवाद और धार्मिक स्वतंत्रता के सवाल
Jashpur Gram Sabha Notice Board: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में धर्मांतरण और आदिवासी परंपराओं को लेकर बहस तेज हो गई है। मनोरा जनपद पंचायत की चार ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा के प्रस्ताव के बाद ईसाई धर्म प्रचारकों, पादरियों और पास्टरों के प्रवेश पर रोक से जुड़े सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। फैसले को लेकर जिले में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। समर्थक इसे आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक आस्था की रक्षा से जोड़ रहे हैं, जबकि ईसाई आदिवासी महासभा ने इस पर आपत्ति जताई है।
सोगड़ा, चाड़िया, केसरा और डुमरटोली में हुई विशेष ग्रामसभा
मिली जानकारी के अनुसार सोगड़ा, चाड़िया, केसरा और डुमरटोली ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित हुई। इसमें आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाज, पारंपरिक आस्था और सामाजिक एकजुटता जैसे विषयों पर चर्चा की गई। बताया गया कि पेसा अधिनियम 1996 के तहत ग्रामसभा के अधिकारों और जिम्मेदारियों पर विचार करते हुए पादरी और पास्टरों के प्रवेश पर रोक का प्रस्ताव पारित हुआ। इसके बाद संबंधित गांवों में सूचना बोर्ड लगाए गए।
अन्य पंचायतों में भी बोर्ड लगाने की तैयारी की चर्चा
जानकारी के मुताबिक जिले की कुछ और ग्राम पंचायतों में भी इसी तरह के बोर्ड लगाने की तैयारी की बात सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
एसडीएम बोले- पंचायतें स्वायत्त निकाय, बोर्ड की जानकारी नहीं, मामला देखा जाएगा
इस मामले में जशपुर एसडीएम ओंकारेश्वर सिंह ने फोन पर कहा कि ग्राम पंचायतें स्वायत्त निकाय हैं, लेकिन उन्हें बोर्ड लगाए जाने की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंध में जानकारी लेकर मामले को देखा जाएगा।
ईसाई आदिवासी महासभा की आपत्ति, बोले- संवेदनशील विषय पर आपसी संवाद से हो चर्चा
ईसाई आदिवासी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने ग्रामसभा के फैसले पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि धर्मांतरण जैसे संवेदनशील विषय पर जागरूकता और आपसी संवाद के जरिए चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समाज के बीच आपसी द्वेष और विवाद की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
समर्थकों का तर्क- आदिवासी देवी-देवता और पूजा पद्धतियां गांव की एकता से जुड़ी हैं
ग्रामसभा के फैसले का समर्थन करने वाले ग्रामीणों का कहना है कि आदिवासी समाज की अपनी विशिष्ट परंपराएं, देवी-देवता और पूजा पद्धतियां हैं, जिनसे गांव की सामाजिक एकता और सामुदायिक व्यवस्था जुड़ी है। पूर्व पार्षद और उरांव आदिवासी समाज के संतन भगत ने भी इस निर्णय को आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण से जुड़ा कदम बताया।
सामाजिक सद्भाव और धार्मिक स्वतंत्रता पर बहस, प्रशासन के रुख पर टिकी निगाहें
फिलहाल यह मामला जशपुर में सामाजिक और धार्मिक बहस का विषय बन गया है। एक ओर आदिवासी परंपरा और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा की मांग उठ रही है, तो दूसरी ओर धार्मिक स्वतंत्रता और सामाजिक सद्भाव को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। अब इस पूरे मामले में प्रशासन का रुख और आगे की कार्रवाई अहम होगी।
