Mahadev Betting App Case: दुबई जाने की फिराक में मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़े गए दिल्ली के वकील की OSM Records में हिस्सेदारी, हर्ष गुजराल, खुल्लर-G और फुकरा इंसान जैसे चेहरे कर चुके हैं लेबल के साथ काम
Mahadev Betting App Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक का म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से कनेक्शन सामने आया है। ED की जांच के मुताबिक वह OSM Records नाम की म्यूजिक कंपनी का को-फाउंडर है। इस लेबल के साथ हर्ष गुजराल, खुल्लर-G और यूट्यूबर फुकरा इंसान जैसे कई चर्चित चेहरे काम कर चुके हैं।
कौन है हिमांशु शेखर? सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में आया नाम
महादेव सट्टा ऐप घोटाले की जांच आगे बढ़ने के साथ नए नाम सामने आ रहे हैं। ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में हिमांशु शेखर का नाम आया। ED के अनुसार चंद्राकर ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपना मामला रफा-दफा कराने के लिए वकील को 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम दी थी।
अफसरों और जजों को “मैनेज” करने के नाम पर रकम लेने का आरोप
ED का आरोप है कि वकील ने ED अधिकारियों और जजों समेत कई लोगों को मैनेज करने के नाम पर यह रकम ली। एजेंसी को यह भी पता चला कि हिमांशु शेखर पिछले तीन सालों में कई बार दुबई गया, जहां उसकी मुलाकात सौरभ चंद्राकर से हुई। इसके बाद ED रायपुर ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करवाया।
20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर रोका गया, दिल्ली छापे में मिले हाथ से लिखे नोट और हवाला लेजर
20 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजकर 3 मिनट पर हिमांशु शेखर को मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयरपोर्ट अधिकारियों ने रोका। वह दुबई जाने की तैयारी में था। दिल्ली में हुई छापेमारी के दौरान ED को हाथ से लिखे कुछ नोट और हवाला लेजर मिले हैं, जिनमें करीब 60 करोड़ रुपये के कथित भुगतान का जिक्र है।
दिल्ली की येस्या मीडिया में 75% हिस्सेदारी, मंगेतर को दी गई गिरफ्तारी की सूचना
जांच में सामने आया कि दिल्ली के लाजपत नगर की येस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड में भी उसकी 75% हिस्सेदारी है। उसकी मंगेतर चित्रांशी ध्यानी पेशे से एक्ट्रेस, सिंगर और कंटेंट क्रिएटर हैं। गिरफ्तारी के बाद नियमों के तहत ED ने उन्हीं को हिमांशु की गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना दी थी।
रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट ने 28 नवंबर तक भेजा ED रिमांड पर
रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट ने हिमांशु शेखर को 28 नवंबर तक ED की रिमांड पर भेजा है। अब एजेंसी यह जांच कर रही है कि क्या सट्टेबाजी के काले धन को उसकी म्यूजिक और मीडिया कंपनियों के जरिए सफेद किया जा रहा था।
नोट: समाचार में बताई गई बातें ED की जांच और आरोपों पर आधारित हैं। लेबल से जुड़े कलाकारों पर किसी तरह के आरोप का उल्लेख नहीं है।
