Raigarh Operation Aaghat: गोपी महका और महुआपाली में मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, जरिकेन, बोरी और थैले में छुपाकर ले जाई जा रही थी शराब, आबकारी एक्ट में तीन अलग-अलग मामले दर्ज
Raigarh Operation Aaghat: रायगढ़, 27 नवंबर 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चल रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत खरसिया पुलिस ने एक ही दिन में तीन अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 35 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 5,700 रुपये है। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
पहली कार्रवाई: गोपी महका में एयरटेल टावर के सामने पकड़ाया सुरेन्द्र
खरसिया चौकी प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गोपी महका में एक व्यक्ति बिक्री के लिए अवैध महुआ शराब रखे हुए है। पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में एयरटेल टावर के सामने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को दबोच लिया। उसने अपना नाम सुरेन्द्र कुमार सिदार (31 वर्ष), पिता दुकालू राम, निवासी रतन महका बताया। उसके पास रखे सफेद जरिकेन और हरे रंग की प्लास्टिक बोतल की तलाशी में 10 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली, जिसकी कीमत करीब 2,000 रुपये है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 611/2026, धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरी कार्रवाई: महुआपाली में बोरी में शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा था 19 साल का युवक
दूसरी सूचना महुआपाली के मालधक्का रोड की थी, जहां एक युवक बोरी में महुआ शराब लेकर बेचने जा रहा था। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसे रोका। उसने अपना नाम सुशील बघेल (19 वर्ष), पिता ननकी बघेल, निवासी महुआपाली बताया। बोरी की तलाशी में 13 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 1,300 रुपये है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 609/2026, धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
तीसरी कार्रवाई: ग्राहकों के इंतजार में थैला लिए खड़ी थी महिला
तीसरी सूचना में बताया गया कि मालधक्का रोड, महुआपाली में कुछ लोग शराब बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने गवाहों के साथ पहुंचकर दबिश दी, तो एक महिला सफेद-लाल रंग का थैला लिए मिली। उसने अपना नाम यशोदा बाई सतनामी (41 वर्ष), पिता स्व. भीखम सतनामी, निवासी महुआपाली बताया। थैले की तलाशी में 12 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब मिली, जिसकी कीमत करीब 2,400 रुपये है। महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 610/2026, धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
इन अफसरों और जवानों की रही अहम भूमिका
यह पूरी कार्रवाई एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण और चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में हुई। टीम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता साहू, प्रधान आरक्षक राम प्रसाद चौहान और अनंत तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक ममता मिंज, आरक्षक साविल चंद्रा और सिदार सिंह, तथा महिला आरक्षक प्रियंका मिंज शामिल रहे।
