दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश, CISF ने युवक को दबोचा; पुलिस कर रही पूछताछ
Delhi IGI Airport: बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के प्रवेश का प्रयास कर रहा युवक हरियाणा के सोनीपत का निवासी, सीआईएसएफ और क्यूआरटी की सतर्कता से टली सुरक्षा चूक।
Delhi IGI Airport: नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक युवक को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने पकड़ लिया। इसके बाद युवक को आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार कर टर्मिनल में घुसने की कोशिश क्यों की।
डिपार्चर गेट पर युवक ने किया जबरन प्रवेश का प्रयास
सीआईएसएफ के मुताबिक, यह घटना बुधवार दोपहर करीब तीन बजे टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर हुई। हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला युवक बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के टर्मिनल में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। सुरक्षा जांच के दौरान जवानों ने उसे रोक लिया और हिरासत में ले लिया।
CISF और QRT की त्वरित कार्रवाई से पकड़ा गया युवक
हवाई अड्डे के आधिकारिक एक्स हैंडल पर दी गई जानकारी के अनुसार, टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए युवक को तत्काल पकड़ लिया। इस दौरान क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) के जवानों ने भी समय पर पहुंचकर कार्रवाई में सहयोग किया। संयुक्त प्रयास से कुछ ही सेकंड में युवक को रोक लिया गया और बिना अनुमति टर्मिनल में प्रवेश की कोशिश नाकाम कर दी गई।
युवक की मंशा जानने में जुटी पुलिस
घटना के बाद युवक को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि बिना वैध दस्तावेजों के एयरपोर्ट के सुरक्षित क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके। फिलहाल किसी बड़ी साजिश या वारदात की आशंका को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
एयरपोर्ट में प्रवेश के लिए जरूरी हैं वैध दस्तावेज
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही होती है। यहां टर्मिनल में प्रवेश के लिए यात्रियों को वैध यात्रा टिकट और पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होता है। वहीं, एयरपोर्ट कर्मचारियों को भी प्रवेश के दौरान अपना वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना पड़ता है। ऐसे में सीआईएसएफ की सतर्कता और क्यूआरटी की त्वरित कार्रवाई से अनधिकृत प्रवेश की कोशिश को समय रहते रोक लिया गया।