Scotch Whisky Price Cut : स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क 150 से घटकर 75 प्रतिशत हुआ, जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस पर करीब 5 हजार रुपए की कमी
33 विदेशी शराब ब्रांडों की नई दरों को मंजूरी
रायपुर। भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते के बाद छत्तीसगढ़ में आयातित विदेशी शराब की कीमतों में कमी का रास्ता साफ हुआ है। राज्य के आबकारी विभाग ने 33 बीआईओ (बॉटल्ड इन ओरिजिन) ब्रांडों की नई लैंडिंग कीमतों को मंजूरी दी है। पुरानी और नई मूल्य सूची की तुलना में जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत में करीब 5 हजार रुपए और सिंगलटन 12 ईयर की कीमत में लगभग 2,817 रुपए की कमी दर्ज की गई है।
जॉनी वॉकर, चिवास रीगल समेत कई बड़े ब्रांड शामिल
छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की शेष अवधि के लिए पांच कंपनियों के 33 बीआईओ ब्रांडों की नई लैंडिंग कीमतों और छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉरपोरेशन लिमिटेड की क्रय दरों को प्रशासनिक मंजूरी दी है। नई दरों में जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड शामिल हैं।
भारत-ब्रिटेन समझौते से आधा हुआ आयात शुल्क
भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता 15 जुलाई 2026 से लागू हुआ है। इसके तहत ब्रिटेन से आयात होने वाली स्कॉच व्हिस्की पर भारत में आयात शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत कर दिया गया है। समझौते के प्रावधानों के अनुसार अगले दस वर्षों में इस शुल्क को चरणबद्ध तरीके से घटाकर 40 प्रतिशत तक लाने की योजना है।
उपभोक्ताओं को कितनी मिलेगी कीमतों में राहत?
आयात शुल्क में कटौती से पात्र ब्रिटिश स्कॉच व्हिस्की की आयात लागत में कमी आने की संभावना है। हालांकि, नई लैंडिंग कीमतों में आई कमी का पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक किस सीमा तक पहुंचेगा, यह राज्य की खुदरा मूल्य निर्धारण व्यवस्था और वितरण लागत पर निर्भर करेगा। ऐसे में आने वाले समय में संबंधित ब्रांडों की खुदरा कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।