Hemang Joshi Raipur Visit: डॉ. हेमांग जोशी आज रात पहुंचेंगे रायपुर, एयरपोर्ट पर होगा भव्य स्वागत, कल प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में होंगे शामिल
Hemang Joshi Raipur Visit: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी का 2 दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा शुरू होने जा रहा है। वे आज रात 9 बजे रायपुर पहुंचेंगे। कल राजधानी में युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक होनी है, जिसमें वे शामिल होंगे। एयरपोर्ट पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उनका स्वागत करेंगे।
एयरपोर्ट पर क्या-क्या होगा?
रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर हेमांग जोशी प्रेस ब्रीफिंग भी करेंगे। प्रदेश युवा मोर्चा की ओर से स्वागत के बाद बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली के रास्ते में जैनम मानस भवन, पीटीएस चौक, टेमरी चौक, फुंडहर चौक, मौल श्री विहार चौक और राम मंदिर पर कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। रात में वे बेबीलॉन इंटरनेशनल होटल में रुकेंगे, जहां पार्टी पदाधिकारियों से उनकी मुलाकात हो सकती है।
23 नवंबर को सुबह से शाम तक कहां-कहां जाएंगे?
दौरे के दूसरे दिन 23 नवंबर को उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा:
- सुबह 7:30 बजे: साइंस कॉलेज, रायपुर में खेल गतिविधियों से जुड़े खिलाड़ियों से संवाद
- सुबह 8:30 बजे: अग्रसेन भवन में युवती संवाद कार्यक्रम
- सुबह करीब 11 बजे: भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक
- दोपहर 2 बजे: रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में “युवा जोहार” (युवा संवाद) कार्यक्रम
प्रभावशाली युवाओं से क्या होगी खास बातचीत?
शाम 4 बजे हेमांग जोशी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के प्रभावशाली युवाओं से विशेष संवाद करेंगे। इसमें विधि, तकनीक, चिकित्सा, सोशल मीडिया, खेल और कृषि क्षेत्र के युवा उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा प्रतिनिधि शामिल होंगे।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं से क्या चर्चा होगी?
शाम 5 बजे वे नक्सल प्रभावित इलाकों के युवाओं से मिलेंगे और “नक्सल मुक्त बस्तर” विषय पर विशेष चर्चा करेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे कार्यकर्ता गृह संपर्क कार्यक्रम के तहत भाठागांव, रायपुर में कार्यकर्ता मोहित सोनी के घर जाकर उनसे मुलाकात करेंगे। सभी कार्यक्रमों के बाद वे रात 8 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।