Raigarh Police Action: “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना की त्वरित कार्रवाई, खरसिया क्षेत्र से 22 साल का आरोपी सागर पटैल गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
Raigarh Police Action: शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला थाना रायगढ़ की टीम ने “अभियान संवेदना” के तहत खरसिया क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी सागर पटैल उर्फ छोटू (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी खरसिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
युवती ने पुलिस को क्या बताया?
20 नवंबर 2026 को 20 वर्षीय युवती ने महिला थाना रायगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। युवती के अनुसार वह आरोपी को पहले से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने उसे पसंद करने और शादी की इच्छा जताई थी, जिसके बाद युवती भी उसे पसंद करने लगी थी। युवती ने जब बताया कि परिजन इस रिश्ते के लिए राजी नहीं हैं, तब 7 सितंबर 2026 की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
मंदिर में “शादी” की बात और फिर क्या हुआ?
रिपोर्ट के मुताबिक अगले दिन आरोपी शादी की बात कहकर युवती को ट्रेन से बिलासपुर ले गया। वहां एक मंदिर में मांग में सिंदूर भरकर शादी हो जाने की बात कही और उसे अपने घर ले आया। इसके बाद युवती आरोपी के घर पर ही रहने लगी। जब परिजनों को पूरे मामले की जानकारी मिली, तो उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह के लिए आरोपी से बात की, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा।
शादी से इनकार के बाद धमकी का आरोप
पुलिस के अनुसार बाद में आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। युवती ने ज्यादा दबाव बनाया तो उसने जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। इसके बाद युवती ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस ने कितनी तेजी से की कार्रवाई?
शिकायत मिलते ही महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69 और 351(3) में मामला दर्ज किया गया। तुरंत पुलिस टीम को खरसिया रवाना किया गया, जिसने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करने की बात पुलिस ने बताई है। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
किन अधिकारियों की रही अहम भूमिका?
कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर की निगरानी में हुई। टीम में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव और संदीप भगत तथा साइबर थाना के आरक्षक रविन्द्र गुप्ता शामिल रहे।
एसएसपी ने क्या संदेश दिया?
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है। शादी का झांसा देकर शोषण करने और पीड़िता को धमकाने वाले आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।