Patwari Strike Postponed: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से चर्चा के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने राज्यव्यापी हड़ताल रोकी, हड़ताल अवधि की कार्रवाइयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन
Patwari Strike Postponed: छत्तीसगढ़ में पटवारियों की राज्यव्यापी हड़ताल फिलहाल थम गई है। रविवार को मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ पटवारी संघ के पदाधिकारियों के बीच औपचारिक मुलाकात हुई। सकारात्मक चर्चा के बाद संघ ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संघ के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी, जिसे उन्होंने धैर्य और सहानुभूति के साथ सुना।
मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन
मुख्यमंत्री साय ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति मांगों के अलग-अलग पहलुओं की जांच करेगी और उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।
हड़ताल अवधि की कार्रवाइयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन
मुख्यमंत्री ने हड़ताल के दौरान हुई कार्रवाइयों को लेकर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इससे हड़ताल में शामिल पटवारियों को राहत की उम्मीद बंधी है।
संवाद से समाधान पर सीएम का जोर, संघ ने जताया आभार
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ से ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। वहीं पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने और समिति गठित करने के निर्देश देने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
