Nand Kumar Sai Injured: दो दिन पहले घर में गिरने से पैरों में आई चोट, सीएम साय की मौजूदगी में एंबुलेंस से निजी अस्पताल पहुंचे वरिष्ठ आदिवासी नेता
Nand Kumar Sai Injured: छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय चोटिल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक करीब दो दिन पहले अपने निवास पर पैर फिसलने से वे गिर पड़े थे, जिससे उनके पैरों में चोट आई। हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर से जशपुर से रायपुर लेकर पहुंचे। यहां उन्हें एंबुलेंस के जरिए रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सीएम के साथ हेलीकॉप्टर से पहुंचे राजधानी, एंबुलेंस में शिफ्ट होने तक मौजूद रहे मुख्यमंत्री
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री साय बीती रात नंदकुमार साय से मिलने उनके निवास पहुंचे थे। आज रायपुर लौटते समय वे उन्हें भी अपने साथ ले आए। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद जब नंदकुमार साय को एंबुलेंस में शिफ्ट किया जा रहा था, तब मुख्यमंत्री खुद मौके पर मौजूद रहे। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रात में हालचाल जानने पहुंचे थे सीएम, बताया- पैरों में आई है हल्की चोट
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि नंदकुमार साय दो दिन पहले फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैरों में थोड़ी चोट आई है। उन्होंने कहा कि उनके घर के नजदीक ही एक कार्यक्रम था, इसलिए वे रात में उनका हालचाल जानने पहुंचे थे। आज चूंकि उन्हें रायपुर आना था, इसलिए नंदकुमार साय को भी साथ लेकर आए।
तीन बार सांसद, तीन बार विधायक, नंदकुमार साय का लंबा राजनीतिक सफर
नंदकुमार साय छत्तीसगढ़ की राजनीति के सबसे अनुभवी आदिवासी चेहरों में गिने जाते हैं। वे तीन बार सांसद, दो बार राज्यसभा सदस्य और तीन बार विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया है।
2023 में भाजपा छोड़ी थी, बाद में कांग्रेस से भी दिया था इस्तीफा
साल 2023 के विधानसभा चुनाव से करीब 6 महीने पहले नंदकुमार साय ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इस्तीफे में पार्टी में अपनी छवि धूमिल करने की कोशिश और गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसी बातें लिखी थीं। इसके बाद वे कांग्रेस में शामिल हुए, लेकिन बाद में कांग्रेस से भी इस्तीफा दे दिया। फिलहाल वे एक वरिष्ठ आदिवासी नेता के रूप में जाने जाते हैं।
