Raipur Liquor Scam News: विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू दुबई में गिरफ्तार, एक सप्ताह में भारत लाने की तैयारी
Raipur Liquor Scam मामले की जांच में एक और बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। 2023 से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू (शिब्बू) को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, उसे दुबई में गिरफ्तार किया गया है और UAE सरकार डिपोर्टेशन की प्रक्रिया के तहत उसे भारत भेज रही है।
आरोपी को एक सप्ताह के भीतर भारत लाने की तैयारी
उम्मीद है कि विकास अग्रवाल को एक सप्ताह के भीतर भारत लाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं।
ACB-EOW की विशेष टीम जल्द UAE रवाना होगी
आरोपी को भारत लाने के लिए ACB/EOW की विशेष टीम जल्द UAE जाएगी। बताया जा रहा है कि यह टीम ACB/EOW प्रमुख अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में विदेश जाने की तैयारी कर रही है। मिशन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी तैयार कर लिए गए हैं। UAE में औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरोपी को भारत लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंस धारकों से कमीशन वसूली का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, विकास अग्रवाल पर शराब कारोबार से जुड़े डिस्टिलरी संचालकों और FL-10A लाइसेंस धारकों से कमीशन वसूलने का आरोप है। उसे कथित तौर पर शराब घोटाले की अवैध रकम के लेन-देन में अहम कड़ी माना जा रहा है।
अनवर ढेबर तक फंड पहुंचाने में अहम भूमिका का आरोप
विकास अग्रवाल को अनवर ढेबर तक अवैध फंड पहुंचाने की मुख्य कड़ी बताया जा रहा है। भारत लाए जाने के बाद जांच एजेंसियां उससे अवैध पैसों के लेन-देन, कमीशन नेटवर्क और रकम के अंतिम लाभार्थियों को लेकर पूछताछ कर सकती हैं।
