Raigarh Gambling News: जुर्डा में मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में खेले जा रहे काट-पत्ती जुए पर चक्रधरनगर पुलिस की रेड, चार गिरफ्तार
Raigarh Gambling News: रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने जुर्डा रेलवे फाटक के पास जुआ खेल रहे चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 7,920 रुपये नकद और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर रेड की गई
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जुर्डा रेलवे फाटक के पास सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर ऑपरेशन अंकुश के नोडल अधिकारी राहुल उईके के निर्देश पर थाना चक्रधरनगर की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
मोबाइल की टॉर्च जलाकर खेल रहे चार जुआरी पकड़े गए
पुलिस टीम ने मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में ताश पर हार-जीत का दांव लगा रहे चार लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अजय साहू (35 वर्ष), अजीत दास महंत (26 वर्ष), किशन साहू (25 वर्ष) और नरेंद्र कुमार साव (44 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी रायगढ़ जिले के अलग-अलग मोहल्लों के निवासी बताए गए हैं।
छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।
एसएसपी के दिशा-निर्देशन में टीम की अहम भूमिका
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई। इसमें प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे, एएसआई भागीरथी चौधरी, प्रधान आरक्षक श्रीराम साहू, महेंद्र कर्ष तथा आरक्षक नरेंद्र भारद्वाज और विद्याधर पटेल की अहम भूमिका रही।
