रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
दुकान में जा घुसा अनियंत्रित ट्रेलर, भीषण टक्कर से इलाके में मची अफरा-तफरी; आक्रोशित लोगों ने चालक की कर दी पिटाई
रायगढ़ (न्यूज़ मिर्ची)। शहर के व्यस्ततम ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और भारी वाहन सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

टक्कर के बाद आक्रोशित भीड़ ने ट्रेलर चालक को पीटा
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। कार की हालत देखकर और उसमें सवार व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखकर स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर चालक की कथित लापरवाही से आक्रोशित कुछ लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। घटना के बाद काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

जिंदगी की जंग हार गए रविशंकर अग्रवाल
इस भीषण दुर्घटना में रविशंकर अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक उनकी उम्र लगभग 55 वर्ष थी।

उनके निधन की खबर मिलते ही जामगांव सहित रायगढ़ में उनके परिचितों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।

वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश अग्रवाल (पल्लू) के थे भाई
दिवंगत रविशंकर अग्रवाल वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश अग्रवाल (पल्लू) के भाई थे। वे अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके निधन से क्षेत्र में भी शोक का वातावरण है।

भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की उठी मांग
इस हादसे ने एक बार फिर ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और उनकी रफ्तार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में दिनभर भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाना बेहद जरूरी है।

लोगों ने मांग की है कि भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण के साथ ही संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी और परिवार को इसी तरह अपनों को खोने का दर्द झेलना पड़ सकता है।

26 नवंबर को जामगांव में हुआ अंतिम संस्कार
दिवंगत रविशंकर अग्रवाल की अंतिम यात्रा 26 नवंबर, गुरुवार को सुबह 11 बजे जामगांव स्थित उनके निवास से निकाली गई। अंतिम यात्रा में परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इसके पश्चात जामगांव मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

बहरहाल ट्रांसपोर्ट नगर हादसे में जूटमिल पुलिस की कार्रवाई, ट्रेलर चालक के खिलाफ दो अलग-अलग अपराध दर्ज किया गया है…आगे की कार्रवाई जारी!
