घने कोहरे में सिग्नल और रेलवे स्टेशनों की मिलेगी पहले से जानकारी, जीपीएस तकनीक और ऑडियो अलर्ट से सुरक्षित होगा ट्रेन परिचालन
बिलासपुर। सर्दियों में घने कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन में आने वाली परेशानियों को कम करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। रेलवे के तीनों मंडलों में करीब 3,657 फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। जीपीएस आधारित यह आधुनिक उपकरण कोहरे के दौरान लोको पायलटों को आगे आने वाले सिग्नल, रेलवे स्टेशन, लेवल क्रॉसिंग गेट और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की पहले से जानकारी देगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नेटवर्क मैदानी इलाकों के साथ घने जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों से होकर गुजरता है। खासकर खोंगसरा और भनवारटंक के आसपास के रेलखंडों में सर्दियों के दौरान घना कोहरा ट्रेन परिचालन के लिए चुनौती बन जाता है। कम दृश्यता के कारण लोको पायलटों को सिग्नल देखने में परेशानी होती है। ऐसी परिस्थितियों में फॉग सेफ डिवाइस मार्ग की पूर्व सूचना देकर परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद करता है।
इलेक्ट्रिक से लेकर डीजल इंजन तक में होगा इस्तेमाल
फॉग सेफ डिवाइस की खासियत यह है कि इसका उपयोग सिंगल लाइन, डबल लाइन, विद्युतीकृत और गैर-विद्युतीकृत सभी रेलखंडों में किया जा सकता है। यह इलेक्ट्रिक और डीजल इंजनों के अलावा ईएमयू, मेमू और डेमू ट्रेनों में भी उपयोगी है। उपकरण में 18 घंटे का इन-बिल्ट रिचार्जेबल बैटरी बैकअप दिया गया है।
आकार में छोटा, हल्का और मजबूत होने के कारण लोको पायलट इसे आसानी से अपने साथ रख सकते हैं। ड्यूटी के दौरान इसे इंजन के कैब डेस्क पर रखकर इस्तेमाल किया जा सकता है।
क्या है फॉग सेफ डिवाइस और कैसे करता है काम?
फॉग सेफ डिवाइस एक जीपीएस आधारित नेविगेशन उपकरण है। इसमें लगा एंटीना जीपीएस सिग्नल प्राप्त करता है, जबकि इसकी मेमोरी में संबंधित रेल मार्ग की जानकारी पहले से दर्ज रहती है। इसमें रेलवे स्टेशन, सिग्नल, मानवित और अमानवित समपार फाटक तथा न्यूट्रल सेक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों का विवरण फीड किया जाता है।
यह उपकरण स्क्रीन पर लोको पायलट को आगे आने वाले महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी देता है। साथ ही ऑडियो अलर्ट के माध्यम से भी सतर्क करता है। इसकी मदद से भौगोलिक क्रम में आने वाले अगले तीन निर्धारित सिग्नलों की जानकारी लगभग 500 मीटर पहले तक मिल सकती है।
घने कोहरे में लोको पायलटों को मिलेगी बड़ी मदद
सामान्य परिस्थितियों में लोको पायलट सिग्नल देखकर ट्रेन का परिचालन करते हैं, लेकिन घने कोहरे में दृश्यता कम होने से सिग्नल समय पर देख पाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में फॉग सेफ डिवाइस से मिलने वाली पूर्व सूचना लोको पायलटों को पहले से सतर्क रहने और निर्धारित परिचालन नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने में मदद करती है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह पहल आधुनिक तकनीक के माध्यम से रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रेलवे ने यात्रियों की संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।