Surajpur Cyber Fraud Arrest: झारखंड के हजारीबाग का 25 वर्षीय सचिन कुमार सरिता विहार से गिरफ्तार, तीन मोबाइल जब्त, कमीशन के लालच में ठगों को दिए गए थे बैंक खाते, गिरोह को मिले थे करीब 39 लाख रुपये
Surajpur Cyber Fraud Arrest: सूरजपुर। साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क की जांच कर रही सूरजपुर पुलिस ने दिल्ली के सरिता विहार इलाके से गिरोह के पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़े गए आरोपी का नाम सचिन कुमार (25 वर्ष) है। वह मूल रूप से झारखंड के हजारीबाग का रहने वाला है और दक्षिण दिल्ली के मदनपुर खादर में रह रहा था। पूछताछ में उसने ठगी की वारदात में शामिल होना कबूल किया है। पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
साइबर क्राइम पोर्टल से मिली भनक, फर्जी संस्था के नाम पर खुला था खाता
मामले की शुरुआत तब हुई जब भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के पोर्टल से संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी मिली। जांच में पता चला कि देवनारायण चक्रधारी और महेश चक्रधारी ने SBI की सूरजपुर शाखा में “डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन” नाम की संस्था रजिस्टर्ड कराकर बैंक खाता खुलवाया था। सिर्फ इसी एक खाते से करीब 13 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ।
देशभर में फैला जाल: 21 राज्य, 150 पीड़ित, 1,13,32,09,604 रुपये का लेनदेन
इस नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ देश के 21 राज्यों के 150 पीड़ितों की शिकायतें सामने आईं। इन शिकायतों में कुल 1,13,32,09,604 रुपये के ठगी से जुड़े लेनदेन का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि अवैध कमाई के लालच में खाताधारकों ने अपने बैंक खाते साइबर ठग गिरोह को उपलब्ध कराए थे। बदले में उन्हें करीब 39 लाख रुपये का कमीशन मिला।
पहले ही चार आरोपी जेल में, थाना प्रभारी प्रहलाद यादव की टीम ने की कार्रवाई
सूरजपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। थाना प्रभारी प्रहलाद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दिल्ली से सचिन कुमार को पकड़ा। इससे पहले पुलिस इस मामले में मुख्य खाताधारक देवनारायण चक्रधारी, महेश चक्रधारी, अमन पासवान और जिशान रजा को गिरफ्तार कर चुकी है।
