OP Choudhary Wishes Lakshmi Verma: खरोरा-रायपुर मार्ग पर बंगोली के पास हुआ था हादसा, मुख्यमंत्री साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी की जल्द स्वस्थ होने की कामना, पुलिस ने शुरू की जांच
OP Choudhary Wishes Lakshmi Verma: रायगढ़। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के सड़क हादसे में घायल होने की खबर पर प्रदेश के वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने रायपुर-खरोरा मार्ग पर हुई इस दुर्घटना को दुखद बताते हुए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि सांसद लक्ष्मी वर्मा और उनके वाहन में सवार सभी लोग जल्द स्वस्थ हों।
शुक्रवार शाम बंगोली के पास हुआ था हादसा, कार्यक्रम से लौट रही थीं सांसद
यह हादसा शुक्रवार, 27 नवंबर को खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली गांव के पास हुआ, जब सांसद लक्ष्मी वर्मा किसी कार्यक्रम से खरोरा से रायपुर लौट रही थीं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। कार में सवार उनके बेटे, गनमैन और चालक को भी चोटें आईं। हादसे के बाद सभी को पहले खरोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री साय और स्वास्थ्य मंत्री ने भी की जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना
सांसद के घायल होने की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर प्रभु श्रीराम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी इस घटना को अत्यंत दुखद बताया और ईश्वर से कामना की कि सांसद सहित सभी घायल जल्द से जल्द स्वस्थ होकर अपने परिजनों के बीच लौटें।
