रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।प्रदेश में शीतलहर तेज होने के साथ ही छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। इसी बीच अंभिकापुर के पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने जरूरतमंदों की मदद के लिए मानवीय कदम उठाते हुए थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं।

एसपी अग्रवाल ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को आदेश दिया है कि रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस वाहन में 10–10 कंबल अनिवार्य रूप से रखे जाएं, ताकि सड़क किनारे ठंड से परेशान किसी भी बेघर या जरूरतमंद व्यक्ति को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कंबल खरीदने का पूरा खर्च वे स्वयं वहन करेंगे।

यह निर्णय हाल ही में बलरामपुर और सूरजपुर जिलों में ठंड से दो व्यक्तियों की मृत्यु के बाद लिया गया है। एसपी अग्रवाल ने इसे पुलिस का मानवीय दायित्व बताते हुए कहा कि “कठिन मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।”

ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें, विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पिछले दिनों अंभिकापुर में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग ने सरगुजा, रायपुर और दुर्ग संभाग के लिए अगले तीन दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया है।
मैनपाट, सामरी पाट और लहसून पाट जैसे ऊंचे क्षेत्रों में दिन में भी ठंडी उत्तर–पश्चिमी हवाएं चलने से कड़ाके की ठंड बनी हुई है।

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा:
अंभिकापुर – 5.3°C
रायपुर – 12.3°C
पेंड्रारोड – 10.6°C
बिलासपुर – 10.4°C
दुर्ग – 8.9°C
जगदलपुर – 9.9°C
जनजीवन प्रभावित, पाला–धुंध बढ़ने से खेती पर असर
तेज ठंड से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है।लोग सूरज निकलने के बाद ही घरों से बाहर निकल रहे हैं और शाम होते ही वापस लौट रहे हैं। कई क्षेत्रों में सुबह के समय पाला जमने और रात में धुंध बढ़ने से कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा है!

ग्रामीण क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है, जिससे पशुपालन और दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों के सामने अतिरिक्त चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।




























