रायगढ़ शहर व जिले की छोटी बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~9827950350

रायगढ़।छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से सुर्खियों में बना DSP कल्पना वर्मा और होटल कारोबारी दीपक टंडन का विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। मामले में पहली बार रायपुर पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। पुलिस के अनुसार, दो अलग-अलग थानों में शिकायतें दर्ज हुई हैं और दोनों की जांच की जा रही है।रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग या लव ट्रैप से संबंधित शिकायत के तौर पर दर्ज नहीं हुआ है। शिकायतें मुख्य रूप से आर्थिक लेनदेन और संभावित धोखाधड़ी से जुड़ी हुई हैं।

दो थानों में दर्ज हुई अलग-अलग शिकायतें
पुलिस के अनुसार,
पंडरी थाना – DSP कल्पना वर्मा के पति हेमंत वर्मा ने बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और मानसिक प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई है।

खम्हारडीह थाना – बरखा टंडन ने हेमंत वर्मा और राकेश वर्मा पर आरोप लगाया है कि वे उसकी कार अपने पास रखे हुए हैं और बदनियत से उसके चेक ले गए।एसएसपी के अनुसार, दोनों शिकायतों की जांच चल रही है और तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।

लव ट्रैप का आरोप शिकायत दर्ज नहीं —
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कारोबारी दीपक टंडन की ओर से लव ट्रैप या रोमांटिक संबंधों का फायदा उठाने से संबंधित कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जो शिकायतें उन्हें मिली हैं, वे सिर्फ आर्थिक विवाद और धनलेनदेन से जुड़ी हैं।उन्होंने बताया कि—“हमारे पास जो आवेदन आए हैं, वे आर्थिक धोखाधड़ी और पैसे के लेनदेन से जुड़े हैं। प्रेम प्रसंग से जुड़ी कोई शिकायत नहीं मिली है।”

कारोबारी दीपक टंडन के आरोप
रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने मीडिया के माध्यम से DSP कल्पना वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि—DSP ने उन्हें लव ट्रैप में फंसाया, शादी का झांसा दिया, उनसे करोड़ों रुपए, महंगी गाड़ी और कीमती गहने ले लिए। बाद में उनसे रिश्वत व धमकी देने की कोशिश की। टंडन ने यह भी कहा है कि उनके पास इन दावों के समर्थन में वीडियो और चैट के सबूत हैं, जिनमें से कुछ वायरल भी हुए हैं।

DSP कल्पना वर्मा ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं DSP कल्पना वर्मा ने सभी आरोपों को मनगढ़ंत और झूठा बताते हुए कहा—टंडन सोशल मीडिया से उनकी तस्वीरों को लेकर फर्जी चैट्स तैयार कर रहा है।वीडियो को तोड़-मरोड़कर वायरल किया गया। यह सब इसलिए किया गया।

क्योंकि टंडन उनका बकाया पैसा लौटाने में असमर्थ था। टंडन कोर्ट का केस वापस लेने का दबाव बना रहा था।DSP ने कहा कि वे टंडन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में आगे बढ़ चुकी हैं।
DGP का बयान
राज्य के DGP अरुण देव गौतम ने कहा—“इस मामले में कोई आधिकारिक शिकायत मुख्यालय तक नहीं पहुंची है। शिकायत मिलेगी तो नियमानुसार जांच कराई जाएगी।”

जांच जारी, सच सामने आने की प्रतीक्षा
मामला अब पूरी तरह पुलिस जांच के दायरे में है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आर्थिक और नैतिक आरोप लगाए हैं। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट है कि पुलिस के पास दर्ज शिकायतें आर्थिक विवाद से संबंधित हैं, न कि लव ट्रैप से।जांच आगे बढ़ने के साथ ही यह मामला और भी राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक चर्चा का केंद्र बना रहेगा।



























