रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का सख्त अभियान “ऑपरेशन आघात” लगातार असर दिखा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतरारोड़ थाना एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे दो महिलाओं सहित तीन
आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के आसपास दो महिलाएं और एक पुरुष दो बैग में गांजा रखकर बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट
की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए जब तलाशी ली गई, तो आरोपियों के पास से कुल 7.110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही आरोपी वासुदेव साहू से 2,000 रुपये और सुमन यादव से
2,000 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे 19 फरवरी 2026 को उड़ीसा से गांजा खरीदकर रायगढ़ लाए थे और यहां बिक्री की तैयारी कर रहे थे। तीनों आरोपियों द्वारा एक राय होकर गांजा खरीदने, परिवहन करने और बिक्री के उद्देश्य से रखने की पुष्टि होने पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 51/2026 के तहत धारा 20(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
सोनी चौहान (35 वर्ष), निवासी तिलाईपाली, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़
सुमन यादव (30 वर्ष), निवासी सीतामणी, थाना सिटी कोतवाली, कोरबा
वासुदेव साहू (25 वर्ष), निवासी बुढहनपुर, थाना नगरदा, जिला सक्ती

(तीनों वर्तमान में चांपा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे)
एसएसपी का कड़ा संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा—ऑपरेशन आघात के तहत युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में कोतरारोड़ थाना एवं साइबर थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
