रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~ 98279-50350

रायगढ़।जिले के पुसौर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां दो युवकों ने बर्थडे पार्टी के बाद एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह दोनों के शव पेड़ पर लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।मिली जानकारी के अनुसार तेतला निवासी दीपक बरैठ (20 वर्ष) का सोमवार को जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए वह अपने मित्रों के साथ बाइक से सरिया के कटंगपाली निवासी शिवशरण कर्स (21 वर्ष) को लेने गया था। इसके बाद तीनों दोस्त वापस चिखली पहुंचे।
यहां एक दोस्त लाभों अपने घर चला गया, जबकि दीपक और शिवशरण जन्मदिन मनाने के लिए चिखली बाजार पहुंच गए।बताया जा रहा है कि रात में दोनों दोस्तों ने जमकर शराब का सेवन किया। इसके बाद देर रात वे शासकीय माध्यमिक शाला चिखली के परिसर में पहुंचे, जहां एक बबूल के पेड़ पर दोनों ने एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
शसुबह जब ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटके दोनों युवकों के शव पर पड़ी तो गांव में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को फंदे से नीचे उतरवाया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

फिलहाल युवकों के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।इस घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। दो युवकों की एक साथ हुई मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
