रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।जिले के ग्राम संबलपुरी के होनहार युवा अजय गुप्ता ने देश की प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में 452वीं रैंक हासिल कर रायगढ़ जिले का नाम देश और प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

अजय गुप्ता की सफलता की खबर मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने उन्हें बधाई दी।इसी क्रम में मंगलवार शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) उत्तम प्रताप सिंह ग्राम संबलपुरी पहुंचे और अजय गुप्ता से सौजन्य भेंट कर उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।

अधिकारियों ने अजय गुप्ता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना की। इस दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अजय गुप्ता जैसे युवा न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अजय गुप्ता एक प्रेरणास्रोत हैं।

एसएसपी ने कहा कि दृढ़ संकल्प,सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत से ही बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। अजय गुप्ता की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।

वहीं अजय गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ने से सफलता जरूर मिलती है।

अजय गुप्ता की इस उपलब्धि से जिले के युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ है। इस दौरान उनके परिवारजन और ग्रामीण भी उपस्थित रहे, जिन्होंने अजय गुप्ता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

