रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़। करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की पावन जयंती के अवसर पर इस वर्ष रायगढ़ में 27 मार्च (शुक्रवार) को भव्य श्री राम शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इस संबंध में स्थानीय अग्रसेन भवन में श्री राम नवमी आयोजन समिति के तत्वावधान में सर्व हिंदू समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विभिन्न समाजों के प्रमुखों और सैकड़ों रामभक्तों की उपस्थिति रही। बैठक में सर्वसम्मति से शोभा यात्रा को भव्य और अनुशासित रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि शोभा यात्रा की शुरुआत नटवर स्कूल प्रांगण में विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन कर की जाएगी। इसके बाद शोभा यात्रा नटवर स्कूल से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। शोभा यात्रा का मार्ग स्टेशन चौक, गांधी प्रतिमा, रामनिवास टॉकीज चौक, गोपी टॉकीज, मंदिर चौक, सुभाष चौक, हटरी चौक, पैलेस रोड, चांदनी चौक, गांजा चौक, गद्दी चौक, सिटी कोतवाली, हंडी चौक और घड़ी चौक होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगा। जहां इसका समापन किया जाएगा।

समापन स्थल पर विशाल भंडारा और भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
आयोजन समिति ने इस वर्ष शोभा यात्रा को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए विशेष योजना बनाई है। शोभा यात्रा में शामिल होने वाली आकर्षक और अनुशासित झांकियों, छोटी टोलियों और बड़ी टोलियों को समिति द्वारा रनिंग शील्ड और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।

इसके लिए निर्णायक मंडल में समिति से अलग शहर के गणमान्य नागरिकों की एक विशेष टीम बनाई जाएगी, जो प्रदर्शन का मूल्यांकन करेगी।
बताया गया कि इस शोभा यात्रा में सर्व हिंदू समाज के 50 से अधिक समाजों के रामभक्त शामिल होंगे। इसके साथ ही शहर की कई युवा समितियां, सामाजिक संगठन और विभिन्न समाजों के सदस्य आकर्षक झांकियां, डीजे, ढोल-नगाड़े और धार्मिक झांकी दलों के साथ शोभा यात्रा में भाग लेंगे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभा यात्रा को भव्य और दिव्य बनाने के लिए यह पहली बैठक आयोजित की गई है।

आगामी दिनों में युवा समिति, महिला समिति, वार्ड समिति, दुर्गा पूजन समितियों, सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के साथ अलग-अलग बैठकें कर व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी।
श्री राम नवमी आयोजन समिति ने शहर के सभी रामभक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभा यात्रा को सफल बनाएं और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में अपना योगदान दें।
