रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।पुलिस द्वारा जिले में अवैध कबाड़ और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा और पुसौर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए करीब 83 लाख 52 हजार रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की है।
इस कार्रवाई में 6 भारी वाहनों से लगभग 130 टन स्क्रैप और आयरन पेललेट्स बरामद किए गए हैं।पुलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुसौर-सरिया मार्ग पर आर्यन फ्यूल के सामने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो टाटा 1512 वाहनों को रोका गया, जिनमें करीब 19 टन लोहे का टीना स्क्रैप परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालकों से जब संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों सहित स्क्रैप को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
इसी क्रम में शनिवार सुबह पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तमनार चौक और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर ओडिशा की ओर से रायगढ़ की तरफ आ रहे चार भारी वाहनों को रोका। जांच के दौरान तीन 12 चक्का ट्रकों में आयरन पेललेट्स तथा एक ट्रक में लगभग 25 टन स्क्रैप लोहे के छड़ और मशीनरी पार्ट्स लोड पाए गए।जब वाहन चालकों से परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिस पर पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूंजीपथरा और पुसौर थाना क्षेत्र में हुई इन कार्रवाइयों में 3 ट्रकों से करीब 86 टन आयरन पेललेट्स तथा 1 ट्रक और 2 टाटा वाहनों से लगभग 44 टन लोहे का स्क्रैप जब्त किया गया। इसके अलावा अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 6 वाहनों की कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल मिलाकर 83 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर चालकों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 35 (क), (ड) और बीएनएस की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस कार्रवाई को लेकर सख्त संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है। बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप या धातु सामग्री का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
