रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए 16 नग आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है, जिनकी कुल कीमत लगभग 14 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 09 मार्च 2026 की रात गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप में चोरी की वारदात हुई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक, निवासी लक्ष्मीपुर ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब वे दुकान पहुंचे और शटर खोलकर अंदर गए, तो शोकेस में रखे मोबाइल अस्त-व्यस्त मिले।
जांच करने पर पता चला कि दुकान की दूसरी मंजिल के दरवाजे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुसा और 16 आईफोन तथा काउंटर में रखी नकदी लेकर फरार हो गया।
मामले की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की और उसकी तलाश तेज की। इसी दौरान साइबर टीम को जानकारी मिली कि चोरी गया मोबाइल उपयोग में लिया जा रहा है।तकनीकी विश्लेषण के बाद उसकी लोकेशन रायपुर में ट्रेस हुई।
ट्रेन में भागते आरोपी को दबोचा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी ट्रेन में बैठकर रायगढ़ की ओर आ रहा था। पुलिस टीम ने चलती ट्रेन में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश चौहान (19 वर्ष), पिता मनोहर चौहान, निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने यह भी बताया कि जनवरी 2026 में साथियों के साथ बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी चोरी की थी।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रायपुर से ट्रेन से रायगढ़ आया था। दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से के पास लगी लोहे की सीढ़ी के सहारे दूसरी मंजिल पर चढ़ा और दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर घुस गया। इसके बाद शोकेस में रखे 16 आईफोन एक काले बैग में भरकर और काउंटर से नकदी लेकर उसी रास्ते से फरार हो गया।
दूसरे आरोपी से भी मिला आईफोन
पुलिस ने आरोपी आकाश चौहान के पास से 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा (21 वर्ष), निवासी सोनूमुड़ा रायगढ़ के कब्जे से बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। साथ ही चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दर्ज पुराने चोरी के मामले में भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि
सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से ऐसे मामलों का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अनिल विश्वकर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
