रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।औद्योगिक क्षेत्र पुसौर के बड़े भंडार स्थित अदाणी पावर प्लांट में सोमवार को श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा। ओवरटाइम का भुगतान नहीं मिलने और वेतन में देरी से नाराज बड़ी संख्या में श्रमिकों और कर्मचारियों ने प्लांट के मुख्य द्वार पर एकत्र होकर प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर जमकर हंगामा किया, जिससे कुछ समय के लिए प्लांट परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से प्लांट में काम करने वाले कई श्रमिकों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। इसके अलावा मजदूरों का आरोप है कि उनसे तय समय से ज्यादा काम कराया जा रहा है, लेकिन ओवरटाइम का भुगतान नहीं दिया जा रहा। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का कहना है कि उनसे रोजाना 12 से 14 घंटे तक काम लिया जाता है, जबकि इसके बदले में कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जाता।

श्रमिकों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यस्थल पर कई बुनियादी सुविधाओं की कमी है और सुरक्षा मानकों का भी ठीक से पालन नहीं किया जा रहा। लगातार हो रही इन समस्याओं को लेकर मजदूरों में काफी समय से नाराजगी थी, जो सोमवार को प्रदर्शन के रूप में सामने आ गई।
प्रशासन मौके पर पहुंचा,कराया समझौता
अदाणी पावर प्लांट में हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। एसडीएम महेश शर्मा ने प्लांट प्रबंधन और श्रमिकों के बीच आमने-सामने बातचीत कराई।
इस दौरान जब प्रबंधन की ओर से वेतन समय पर देने की बात कही गई, तो मौके पर मौजूद श्रमिकों ने नाराजगी जताते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। बाद में प्रशासन ने दोनों पक्षों को समझाते हुए विवाद सुलझाने के लिए कंपनी को 25 मार्च तक का समय दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद श्रमिकों ने फिलहाल अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
अदाणी समूह को लेकर पहले भी हो चुके हैं विवाद
औद्योगिक नगरी रायगढ़ में कई बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान संचालित हो रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से अदाणी समूह की परियोजनाओं को लेकर विवाद लगातार सामने आ रहे हैं। बड़े भंडार में श्रमिकों के प्रदर्शन के अलावा आसपास के गांवों में कंपनी की रेल लाइन परियोजना को लेकर ग्रामीण करीब तीन महीने से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
इसके अलावा तमनार क्षेत्र में प्रस्तावित कोल माइन को लेकर भी स्थानीय लोगों का विरोध जारी है। सोमवार को प्रभावित ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत करते हुए अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं।

वहीं तमनार के मुड़ागांव क्षेत्र में जंगल कटाई और ग्रामीणों पर दबाव डालने जैसे आरोप भी कंपनी पर लगाए जाते रहे हैं।
क्या कहते हैं एसडीएम
पुसौर एसडीएम महेश शर्मा ने बताया कि अदाणी पावर प्लांट में मजदूरों ने वेतन और अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और श्रमिकों तथा प्रबंधन के बीच बातचीत कराई गई। कंपनी प्रबंधन को मामले के समाधान के लिए 25 मार्च तक का समय दिया गया है। प्रशासन के आश्वासन के बाद श्रमिकों ने फिलहाल अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया है।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
हालांकि प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनके बकाया वेतन का भुगतान और ओवरटाइम की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। ऐसा होने पर प्लांट के संचालन पर भी सीधा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
