रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
✍️सारंगढ़-बिलाईगढ़ रिपोर्टर: गौतम बंजारे
सारंगढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित चूना पत्थर खदान के विरोध में मंगलवार को बड़ा जनआंदोलन देखने को मिला। गढ़ चौक से शुरू हुआ यह प्रदर्शन कुछ ही समय में जनसैलाब में तब्दील हो गया, जिसमें हजारों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने सड़कों पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए खदान परियोजना का कड़ा विरोध जताया।
प्रदर्शन में कुटेला, खैरहा, जूनाडीह, गोढ़ियारी, भैंजनार और रापागुला सहित कई गांवों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग 1800 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित इस चूना पत्थर खदान से उनके जल, जंगल और जमीन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।
उनका आरोप है कि इस परियोजना से पर्यावरण को नुकसान होगा और स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित होगा।
धरना प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि किसी भी परिस्थिति में खदान को शुरू न किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण किसान और महिलाओं ने भी अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल इस योजना को निरस्त करने की मांग की। वहीं तहसीलदार एन.के. सिन्हा ने ग्रामीणों से ज्ञापन प्राप्त कर उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
फिलहाल इस मुद्दे को लेकर सारंगढ़ में माहौल गरमाया हुआ है और अब सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
