रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
वित्त मंत्री ओपी चौधरी की विशेष मौजूदगी, नटवर हाई स्कूल मैदान से सिंदूर पार्क तक निकलेगी यात्रा

रायगढ़।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी जिला रायगढ़ द्वारा आज 13 अगस्त, गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण धर दीवान ने रायगढ़ जिलेवासियों से इस यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।

नटवर हाई स्कूल मैदान से शुरू होगी यात्रा
भाजपा जिला अध्यक्ष के अनुसार तिरंगा यात्रा 13 अगस्त की शाम 4 बजे नटवर हाई स्कूल मैदान से प्रारंभ होगी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिंदूर पार्क पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ेंगे। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयकारों से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर होने की उम्मीद है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी रहेंगे विशेष रूप से मौजूद
इस भव्य तिरंगा यात्रा में रायगढ़ विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके साथ भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल होंगे।

हर घर और हर छत पर लहराए तिरंगा
अरुण धर दीवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि रायगढ़ की हर गली, हर मोहल्ले और हर छत पर तिरंगा लहराना चाहिए।उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा इसी संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने रायगढ़ के नागरिकों, माताओं-बहनों, युवाओं, व्यापारियों और सभी वर्गों के लोगों से अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ यात्रा में शामिल हो के लिए अपील की है!
