रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

बेहतर शिक्षा की दिशा में अदाणी फाउंडेशन का एक और कदम, उरबा में विशेष आयोजन
रायगढ़:शिक्षक दिवस के अवसर पर अदाणी फाउंडेशन ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और नवाचारी योगदान देने वाले 24 शिक्षकों को सम्मानित कर उनके समर्पण और प्रयासों को नई पहचान दी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उरबा में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में उरबा क्लस्टर के विभिन्न विद्यालयों से जुड़े शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना और उन्हें आगे बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित करना था।

समारोह के दौरान शिक्षकों को पुष्पगुच्छ, शाल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य राम कुमार पटेल मुख्य अतिथि तथा उपसरपंच प्रियंका दिनेश सारथी एवं शाला विकास समिति के अध्यक्ष भानुप्रताप राठिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में अतिथियों ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं। उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित होते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने भी अपने विचार साझा किए और शिक्षा के क्षेत्र में अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित विभिन्न पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन की गतिविधियां विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ने के साथ उनकी सीखने की क्षमता और रचनात्मक सोच को भी बढ़ावा दे रही हैं।
एक शिक्षक ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “अदाणी फाउंडेशन द्वारा दिया गया यह सम्मान हमें और अधिक समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के लिए प्रेरित करता है। इस प्रकार का प्रोत्साहन शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने की नई ऊर्जा प्रदान करता है।”
परियोजना क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए अदाणी फाउंडेशन द्वारा कई महत्वपूर्ण पहलें संचालित की जा रही हैं। हाल ही में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उरबा में दो डिजिटल पैनल बोर्ड तथा सरस्वती शिशु मंदिर, चितवाही में एक डिजिटल पैनल बोर्ड उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा शासकीय प्राथमिक विद्यालय, उरबा में अदाणी जवाहर नवोदय केंद्र संचालित किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जाता है।
फाउंडेशन का मोबाइल साइंस लैब कार्यक्रम भी क्षेत्र में प्रभावी रूप से संचालित हो रहा है। इस पहल के माध्यम से आसपास के 25 गांवों के 20 शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 6वीं से 9वीं तक के लगभग 930 विद्यार्थियों को विज्ञान आधारित प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ा जा रहा है, जिससे उनमें वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक ज्ञान का विकास हो रहा है।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित शिक्षकों ने सम्मान समारोह के आयोजन के लिए अदाणी फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया और इस पहल को शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायक बताया।
