रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़। जिले में अवैध लकड़ी के भंडारण और परिवहन के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में रायगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत जामगांव सर्किल के भगोरा गांव में वन विभाग की टीम ने एक घर में दबिश देकर सागौन के बड़े-बड़े लट्ठे और साल प्रजाति की चिरान लकड़ी बरामद की है। बरामद लकड़ियों के संबंध में संबंधित व्यक्ति द्वारा मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद विभाग ने पूरी लकड़ी को जब्ती में ले लिया है। फिलहाल जब्त लकड़ियों की मात्रा और कीमत का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंचा वन अमला
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को वन विभाग के उड़नदस्ता दल और विभागीय अमले को सूचना मिली थी कि जामगांव सर्किल के भगोरा गांव निवासी रथलाल राठिया के घर में सागौन और साल प्रजाति की लकड़ी का भंडारण किया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर वन अमले की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

टीम ने भगोरा गांव पहुंचकर संबंधित घर में जांच शुरू की। तलाशी के दौरान परिसर में सागौन के कई बड़े लट्ठे और साल प्रजाति की चिरान लकड़ी रखी हुई मिली। इसके बाद वन कर्मचारियों ने बरामद लकड़ियों के संबंध में आवश्यक जानकारी और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा।
दस्तावेज नहीं हुए प्रस्तुत, लकड़ी जब्त
वन विभाग के अनुसार लकड़ी के संबंध में दस्तावेज मांगे जाने पर संबंधित व्यक्ति द्वारा पहले टालमटोल की गई। बाद में भी जब लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके तो वन अमले ने बरामद लकड़ियों को अपने कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई की।
विभागीय टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सागौन और साल की लकड़ी कहां से लाई गई थी तथा इसे किस उद्देश्य से घर में रखा गया था। लकड़ी के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
50 हजार से अधिक कीमत का अनुमान,
आकलन के बाद तस्वीर होगी साफ प्रारंभिक तौर पर बरामद लकड़ियों की कीमत करीब 50 हजार रुपये से अधिक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि लकड़ी की वास्तविक मात्रा, प्रजाति और उसकी कीमत का अंतिम निर्धारण विभागीय आकलन पूरा होने के बाद ही हो सकेगा।
वन विभाग द्वारा जब्त लकड़ियों का माप और मूल्यांकन किया जा रहा है। इसके बाद मामले में वन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध लकड़ी कारोबार पर विभाग की नजर
रायगढ़ जिले में वन संपदा की अवैध कटाई, परिवहन और भंडारण को लेकर वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। भगोरा में हुई यह कार्रवाई भी मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर की गई। विभाग का कहना है कि वन संपदा के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
