रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
जनजातीय गौरव दिवस पर दशहरा मैदान में होगा भव्य आयोजन, राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी से बढ़ेगा कार्यक्रम का महत्व

रायपुर/धरमजयगढ़। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित होने जा रहे भव्य कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी में उत्साह का माहौल है। इस आयोजन में शामिल होने के लिए भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 15 नवंबर को धरमजयगढ़ पहुंचेंगी।भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी के चलते यह आयोजन राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भाजपा बिलासपुर संभाग प्रभारी रामू रोहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित दशहरा मैदान में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे। इसी सिलसिले में छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी एवं भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी भी 15 नवंबर को धरमजयगढ़ पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करेंगी।

कार्यक्रम स्थल का लगातार जायजा ले रहे वरिष्ठ पदाधिकारी
आयोजन की तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी लगातार सक्रिय हैं। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू शनिवार, 14 नवंबर को ही धरमजयगढ़ पहुंच चुके हैं। वे कार्यक्रम स्थल का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, ताकि कार्यक्रम व्यवस्थित एवं भव्य तरीके से संपन्न हो सके।

जनजातीय गौरव दिवस पर विशेष आयोजन
जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। धरमजयगढ़ जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्र में इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का विशेष महत्व है। भाजपा इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरव, सम्मान और योगदान को रेखांकित करने की तैयारी में जुटी है।

15 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम पर अब क्षेत्रवासियों और राजनीतिक गलियारों की निगाहें टिकी हुई हैं।






