रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले धरमजयगढ़ क्षेत्र को स्वतंत्र एवं नवीन जिला घोषित करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्रवासियों की इस बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर स्थानीय व्यापारी, व्यवसायी और नागरिक एकजुट होने लगे हैं। इसी कड़ी में व्यापारी संघ धरमजयगढ़ के बैनर तले क्षेत्र को नया जिला बनाने की मांग को लेकर औपचारिक ज्ञापन तैयार किया गया है। इसे आगामी जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री को सौंपने की तैयारी है।

व्यापारी संघ द्वारा तैयार किए गए इस मांग पत्र में शासन से आग्रह किया गया है कि धरमजयगढ़ की भौगोलिक परिस्थितियों, प्रशासनिक आवश्यकताओं और स्थानीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इसे नवीन जिला घोषित करने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए।

प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार से विकास को मिलेगी गति
व्यापारी संघ एवं स्थानीय व्यवसायियों का मानना है कि धरमजयगढ़ को जिला बनाए जाने से क्षेत्र के दूरदराज के ग्रामीण इलाकों तक प्रशासनिक सुविधाओं की पहुंच आसान होगी। लोगों को विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिल सकेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

संघ का मानना है कि जनजातीय गौरव दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से रखने से शासन स्तर पर सकारात्मक पहल की संभावना बढ़ेगी।

व्यापार जगत ने एकजुट होकर दर्ज कराया समर्थन
धरमजयगढ़ को नवीन जिला बनाने की मांग को लेकर तैयार किए गए ज्ञापन पर स्थानीय व्यापार जगत के कई प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों और दुकानदारों ने अपने हस्ताक्षर एवं संस्थागत मुहर लगाकर समर्थन दिया है। इससे स्पष्ट है कि यह मांग अब केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि क्षेत्र के व्यापक विकास और प्रशासनिक पहचान से जुड़ा विषय बनती जा रही है!

अब क्षेत्रवासियों की निगाहें जनजातीय गौरव दिवस पर होने वाले कार्यक्रम और मुख्यमंत्री को सौंपे जाने वाले ज्ञापन पर टिकी हैं। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि सरकार उनकी इस पुरानी और महत्वपूर्ण मांग पर गंभीरता से विचार कर धरमजयगढ़ को जिले की सौगात देने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।







