रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़/धरमजयगढ़। जनजातीय गौरव दिवस समारोह-2026 के अवसर पर धरमजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने जनजातीय समाज के सम्मान, उनके ऐतिहासिक योगदान, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप तथा वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने मीडिया से चर्चा करते हुए भगवान बिरसा मुंडा सहित देश और छत्तीसगढ़ के जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, शौर्य और बलिदान को याद किया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि जनजातीय समाज के महानायकों ने देश की आजादी, संस्कृति और सामाजिक अस्मिता की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया, लेकिन लंबे समय तक उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय महापुरुषों के इतिहास और उनके योगदान को देशभर में सम्मान दिलाने की पहल की है।

बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों का इतिहास नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी : रामविचार नेताम
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि देश की आजादी के इतिहास में जनजातीय महापुरुषों के शौर्य, वीरता और बलिदान को वह स्थान नहीं मिला, जिसके वे वास्तविक रूप से हकदार थे। जनजातीय समाज के अनेक ऐसे जननायक हैं, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा के लिए जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी ही नहीं दी जाएगी, तो वह अपने गौरवशाली इतिहास को कैसे जान पाएगी?
श्री नेताम ने छत्तीसगढ़ की धरती के महान क्रांतिकारियों शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंद सिंह और शहीद गुंडाधुर का उल्लेख करते हुए कहा कि इन जननायकों ने अपने अदम्य साहस और संघर्ष से पूरे देश को गौरवान्वित किया। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर जनजातीय संस्कृति और सामाजिक व्यवस्था की रक्षा तक उनका योगदान अतुलनीय रहा है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन जनजातीय कार्य मंत्रालय के गठन की पहल भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार ने की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज जनजातीय समाज के महापुरुषों की गाथाओं को देशभर में पहुंचाने और नई पीढ़ी को उनके इतिहास से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के साथ जनजातीय समाज के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
पांच दशक तक नक्सलवाद का दंश झेलता रहा छत्तीसगढ़, अब खात्मे की दिशा में प्रयास : केदार कश्यप
नक्सलवाद के मुद्दे पर केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने लगभग पांच दशकों तक नक्सलवाद की गंभीर समस्या का सामना किया है। विशेषकर बस्तर और सरगुजा संभाग के अनेक क्षेत्रों में इसका व्यापक प्रभाव रहा। जनजातीय समाज के लोगों ने लंबे समय तक हिंसा और भय के वातावरण में जीवन बिताया।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में मिल रही सफलता के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रयास और सुरक्षा बलों के जवानों का साहस एवं बलिदान महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि धरमजयगढ़ जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्र में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन विशेष महत्व रखता है। यह आयोजन केवल किसी एक महापुरुष की जयंती मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन सभी जननायकों के संघर्ष और योगदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने समाज और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

बिरसा मुंडा की गाथा युवाओं में जगाएगी इतिहास और संस्कृति के प्रति गर्व : ओपी चौधरी
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कहा कि धरमजयगढ़ जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्र में जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। भगवान बिरसा मुंडा सहित छत्तीसगढ़ के वीर जनजातीय महापुरुषों की जीवन गाथाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि जनजातीय महापुरुषों ने अपने संघर्ष, त्याग और बलिदान से देश की संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान की रक्षा की है। उनके जीवन से युवाओं को साहस, संघर्ष, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है।

ओपी चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर मिलता है। जनजातीय समाज के महानायकों के विचारों और आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना जरूरी है।
धरमजयगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से भाजपा नेताओं ने जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान, राजनीतिक प्रतिनिधित्व, सांस्कृतिक पहचान और विकास से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी। नेताओं ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान केवल आयोजनों और समारोहों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके महापुरुषों के संघर्ष, विचारों और आदर्शों को व्यवहार में भी स्थान मिलना चाहिए।
भगवान बिरसा मुंडा की गौरवगाथा से लेकर शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंद सिंह और शहीद गुंडाधुर के बलिदान को याद करते हुए नेताओं ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, इतिहास और संस्कृति से जोड़ने का अवसर है।
