CG Me Barish ka Alert: बंगाल की खाड़ी के चक्रवात ‘अकवान’ का असर, कलेक्टर ने किसानों और पशुपालकों से बरतने को कहा सावधानी
CG Me Barish ka Alert: बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 20 और 21 नवंबर को जिले में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। बदलते मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने अन्नदाताओं तथा पशुपालकों को अलर्ट रहने और अपनी फसल व मवेशियों को बचाने के इंतजाम पहले से करने की सलाह दी है।
कलेक्टर ने किसानों से क्या कहा?
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले के किसानों से कहा है कि मौसम की चेतावनी को हल्के में न लें और फसल को बचाने के उपाय समय रहते कर लें। जिन खेतों में धान, मक्का या दूसरी खरीफ फसलें पक चुकी हैं, वहां कटाई जल्द निपटा लें। कटी हुई उपज को बारिश शुरू होने से पहले सूखी और सुरक्षित जगह पर पहुंचा दें, ताकि पानी और आंधी से नुकसान न हो।
फसल घर तक न पहुंच पाए तो क्या करें किसान?
कृषि विभाग ने बताया है कि अगर कटी फसल को घर या गोदाम तक ले जाना मुमकिन न हो, तो उसे खेत में किसी ऊंची और महफूज जगह पर इकट्ठा करें और अच्छी क्वालिटी के तिरपाल या प्लास्टिक शीट से पूरी तरह ढक दें। तिरपाल को कसकर बांधें, ताकि तेज हवा उसे उड़ा न ले जाए। खेत और भंडारण वाली जगहों पर बारिश के पानी की निकासी का इंतजाम भी जरूर करें। धान जैसी उपज रखते समय नमी से बचाव का खास ख्याल रखा जाए।
पशुपालकों के लिए क्या है एडवाइजरी?
पशुपालकों से कहा गया है कि मवेशियों और मुर्गियों को खुले में न छोड़ें, उन्हें मजबूत और सुरक्षित शेड में रखें। जानवरों का चारा और जरूरी सामान भी सूखी और सुरक्षित जगह पर रखें, ताकि बारिश और हवा के दौरान परेशानी न आए। प्रशासन ने सभी से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और कृषि विभाग की एडवाइजरी मानने की अपील की है। विभाग का कहना है कि समय पर सावधानी बरतने से फसल, उपज और पशुधन को नुकसान से बचाया जा सकता है।
