जमानत पर जेल से बाहर आते ही महिला थाना और जूटमिल पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
रायगढ़। Shaadi Ka Jhaansa : शादी का भरोसा दिलाकर युवती का शारीरिक शोषण करने और उससे करीब 93 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर लगातार युवती का शारीरिक शोषण किया और रकम वापस मांगने पर शादी से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पेट्रोल पंप पर मुलाकात के बाद शुरू हुई बातचीत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता मूलतः तमनार थाना क्षेत्र की निवासी है और रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर काम करती है। युवती ने 16 नवंबर 2026 को महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि अक्टूबर माह में पेट्रोल पंप पर उसकी मुलाकात मेहराब खान से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ और बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ दिनों बाद युवक ने युवती को पसंद करने और उससे शादी करने का भरोसा दिलाया।
शादी का भरोसा देकर किया शारीरिक शोषण
पीड़िता के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 की रात आरोपी उसके किराये के मकान में पहुंचा और शादी का भरोसा दिलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी वह लगातार शादी करने का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इसी दौरान अपनी आर्थिक जरूरत बताकर आरोपी ने युवती से करीब 93 हजार रुपये भी ले लिए।
रकम वापस मांगने पर शादी से किया इनकार, दी जान से मारने की धमकी
शिकायत के मुताबिक, 28 अक्टूबर को जब युवती ने अपनी जरूरत बताते हुए रकम वापस मांगी तो आरोपी ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। उसने शादी करने से भी मना कर दिया और युवती को जो करना है कर लेने की बात कही। आरोप है कि इस दौरान उसने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।
जमानत पर रिहा होते ही पुलिस ने दबोचा
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 एवं 351(3) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वह जूटमिल थाना क्षेत्र के एक मारपीट के मामले में जेल में बंद है। 17 नवंबर की शाम मारपीट के प्रकरण में जमानत पर रिहा होते ही महिला थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने जेलपारा में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी मेहराब खान उर्फ मेहराब हसन उर्फ मेहराब अंसारी, पिता मो. सफिउद्दीन अंसारी, उम्र 22 वर्ष, निवासी जूटमिल के सामने गली, थाना जूटमिल, रायगढ़ को गिरफ्तार कर 18 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
एसएसपी के निर्देशन में पुलिस टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर के सतत पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक संदीप भगत एवं आरक्षक राजेश उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
