आगंतुकों की अनिवार्य एंट्री, शराब और नशीली सामग्री पर प्रतिबंध के निर्देश; ड्यूटी में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
रायगढ़। Rock Garden Botolda : सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खरसिया पुलिस ने रॉक गार्डन बोतल्दा का औचक निरीक्षण किया। 18 नवंबर को एसडीओपी खरसिया सतीश कुमार भार्गव ने थाना खरसिया, चौकी खरसिया एवं पुलिस लाइन के बल के साथ गार्डन पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परिसर में तैनात वनकर्मियों को सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

आगंतुकों का विवरण प्रवेश रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी सतीश कुमार भार्गव ने वनकर्मियों को निर्देशित किया कि गार्डन में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम एवं पूरा विवरण प्रवेश रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। किसी भी व्यक्ति को शराब अथवा अन्य प्रतिबंधित और संदिग्ध सामग्री लेकर परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाए। साथ ही गार्डन के भीतर नियमित पेट्रोलिंग करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
ड्यूटी में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि गार्डन में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। पुलिस एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कभी भी औचक निरीक्षण किया जा सकता है। इसलिए सभी कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारी को पत्राचार किया जाएगा।

दुकानदारों को भी नशीली सामग्री की बिक्री नहीं करने की हिदायत
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने गार्डन के प्रवेश द्वार के बाहर संचालित दुकानों का भी जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों को शराब एवं किसी भी प्रकार की नशीली सामग्री की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी कि इस तरह की गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पर्यटकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन का बल भी रॉक गार्डन में तैनात रहा और आने-जाने वाले आगंतुकों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। पुलिस का उद्देश्य रॉक गार्डन पहुंचने वाले पर्यटकों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।
