दो अलग-अलग मामलों में दो युवक बाइक से शराब का परिवहन करते पकड़े गए, घर में शराब रखकर बेचने वाली महिला भी गिरफ्तार; 15 हजार रुपये की बाइक जब्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सरसींवा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हाथ भट्ठी से निर्मित कुल 35 लीटर महुआ शराब बरामद की है, जिसकी कीमत 7 हजार रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
बाइक से 18 लीटर महुआ शराब का कर रहे थे परिवहन
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर हरे रंग की बोरी में अवैध महुआ शराब लेकर गाडापाली से तेंदुभाठा की ओर जा रहे हैं। सूचना पर सरसींवा पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान संजय रात्रे और बृज कुर्रे के कब्जे से 100 प्लास्टिक पाउच में भरी कुल 18 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत 3 हजार 600 रुपये आंकी गई। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पुरानी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की, जिसकी कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है।
घर की बाड़ी में बिक्री के लिए रखी थी 17 लीटर शराब
दूसरी कार्रवाई 20 नवंबर को ग्राम घरजरा में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राधाबाई साहू अपने घर की बाड़ी में अवैध बिक्री के लिए महुआ शराब रखे हुए है। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तलाशी के दौरान 85 पाउच में भरी कुल 17 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत 3 हजार 400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा
इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय रात्रे (33 वर्ष) और बृज कुर्रे (33 वर्ष), दोनों निवासी तेंदुभाठा, तथा राधाबाई साहू (51 वर्ष), निवासी घरजरा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस दीपिका मिंज के निर्देशन में की गई।