एक महीने में अधिक से अधिक मामलों का निराकरण करने के निर्देश, ठंड में चोरी रोकने रात की गश्त होगी तेज; किराएदारों का सत्यापन, अवैध प्रवासियों पर निगरानी और सट्टा खाईवालों की संपत्ति जब्त करने की तैयारी
रायगढ़। साल के आखिरी महीने से पहले रायगढ़ पुलिस ने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निराकरण को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगले एक महीने के भीतर थानों में लंबित अपराधों की पेंडेंसी पांच प्रतिशत से कम की जाए। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को मिशन मोड में काम करने और अधिक से अधिक पुराने मामलों का निराकरण करने का लक्ष्य दिया गया है।

21 नवंबर को पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में आयोजित इस बैठक में कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण, अपराध नियंत्रण और पुलिस के विभिन्न अभियानों की विस्तार से समीक्षा की गई। जनजातीय गौरव दिवस, दीपावली और अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद अब एसएसपी ने वर्षांत तक पुलिसिंग के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया।

60 और 90 दिनों में अपराधों का निराकरण अनिवार्य
एसएसपी ने नवीन आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज मामलों की निर्धारित समय-सीमा में विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराधों का 60 और 90 दिनों की अवधि में प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। जिन मामलों में चालान तैयार होने के बावजूद न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किए गए हैं, उनमें समन्वय स्थापित कर तत्काल चालान पेश करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक प्रकरण की विवेचना पूरी होने पर सीसीटीएनएस पोर्टल में आवश्यक प्रविष्टियां सुनिश्चित करने और लंबित मर्ग के मामलों को तीन महीने के भीतर निराकृत करने पर भी जोर दिया गया।
ठंड में चोर गिरोहों पर नजर, रात की गश्त होगी मजबूत
ठंड का मौसम शुरू होने के साथ चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए एसएसपी ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। आसपास के जिलों में बाहरी गिरोहों की आवाजाही की जानकारी को गंभीरता से लेते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। वहीं जिले के पिकनिक स्पॉट और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा कर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ऑपरेशन आघात से लेकर शंखनाद तक, सभी अभियानों की समीक्षा
बैठक में ऑपरेशन आघात, ऑपरेशन अंकुश, ऑपरेशन प्रहार, अभियान संवेदना और ऑपरेशन शंखनाद की थानावार समीक्षा की गई। एसएसपी ने आबकारी एक्ट, जुआ और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में पिछले वर्ष की तुलना में हुई प्रगति को संतोषजनक बताते हुए अगले एक महीने में कार्रवाई और तेज करने के निर्देश दिए।
सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध गुंडा और निगरानी बदमाश की फाइल तैयार करने, जिला बदर के प्रस्ताव भेजने तथा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अपराधों का विशेष अभियान चलाकर निराकरण करने को कहा गया। वहीं सट्टा खाईवालों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ उनकी अवैध संपत्ति जब्त कराने के लिए नवीन कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की तैयारी करने के निर्देश भी दिए गए।
गुम बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए नए सिरे से प्रयास
लंबित गुमशुदगी के मामलों को लेकर भी एसएसपी ने गंभीरता दिखाई। गुम बालक-बालिकाओं और अन्य लापता व्यक्तियों की दस्तयाबी के लिए रिश्तेदारों, पंच-सरपंच, सहेलियों और परिचितों से नए सिरे से पूछताछ करने को कहा गया। मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग कर उनकी पतासाजी करने तथा वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
NETGRID से पकड़े जाएंगे फरार आरोपी और वारंटी
बैठक के दूसरे चरण में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कामकाज और आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र की तैयारियों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने फरार आरोपियों, वारंटियों और गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में NETGRID सॉफ्टवेयर का अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। इसके लिए संबंधित डाटा अपलोड करने और सीसीटीएनएस के माध्यम से प्रत्येक अपराध में ई-साक्ष्य तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।
किराएदारों का सत्यापन नहीं कराने वालों पर भी रहेगी नजर
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश दिए। मकान मालिकों को किराएदारों की पूरी जानकारी सिटीजन पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए जागरूक करने को कहा गया। इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों, संदिग्ध रूप से रह रहे लोगों और अवैध प्रवासियों की पहचान कर उनके दस्तावेजों की जांच करने तथा बिना वैध दस्तावेज निवास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। होटल, लॉज और अन्य अस्थायी निवास स्थलों की नियमित जांच भी की जाएगी।
तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी ने प्रतिदिन विशेष अभियान चलाकर तेज रफ्तार वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई करने को कहा गया है।
बैठक में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी यातायात पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, सिद्धांत तिवारी, सतीश भार्गव, उत्तम प्रताप सिंह, शिखर मरावी, रोहित शुक्ला, सुशांतो बनर्जी, एफएसएल अधिकारी, रक्षित निरीक्षक सहित जिले के सभी थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।