चंद्रपुर से किरोड़ीमलनगर पहुंचा था आरोपी, गोरखा रोड पर पुलिस ने की घेराबंदी; अभियान संवेदना के तहत महिला थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रायगढ़। शादी का झांसा देकर युवती का लगातार शारीरिक शोषण करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पीड़िता की शिकायत मिलते ही महिला थाना पुलिस ने तेजी से आरोपी की तलाश शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चंद्रपुर से ट्रैक्टर में गन्ना लेकर बिक्री के लिए किरोड़ीमलनगर पहुंचने वाला था। इसी दौरान पुलिस ने गोरखा रोड पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार (24 वर्ष), निवासी ग्राम भैसानारा, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती के रूप में हुई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
10 साल पहले हुई थी पहचान, शादी का भरोसा देकर बनाए संबंध
पुलिस के अनुसार चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने 19 नवंबर 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि करीब 10 वर्ष पहले वह अपने रिश्तेदार के यहां चंद्रपुर गई थी, जहां उसकी पहचान परमेश्वर सिदार से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। मई 2025 में आरोपी ने फोन कर युवती को पसंद करने और उससे शादी करने की इच्छा जताई।
कुछ समय बाद आरोपी रायगढ़ में काम करने लगा। आरोप है कि 13 जुलाई 2025 को वह युवती से मिलने उसके घर पहुंचा और घूमने के बहाने उसे केलो डेम ले गया। वहां शादी का भरोसा देकर सुनसान जगह पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर शादी का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
गर्भवती होने पर भी दिया था शादी का भरोसा, बाद में मुकरा
पीड़िता के मुताबिक मई 2025 में गर्भवती होने की जानकारी देने पर भी आरोपी ने शादी करने का आश्वासन दिया था। लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकरने लगा। 2 नवंबर 2026 को युवती ने आरोपी को फोन कर अपने घर ले जाने के लिए कहा, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। इसके बाद 5 नवंबर को युवती स्वयं आरोपी के गांव भैसानारा पहुंची। वहां आरोपी के परिजनों ने उसकी शादी हो जाने की बात कहते हुए युवती को घर से भगा दिया। बाद में आरोपी ने भी शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
ट्रैक्टर में गन्ना लेकर पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
युवती की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 100/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर महिला थाना पुलिस की टीम अतिरिक्त बल के साथ चंद्रपुर रवाना हुई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ट्रैक्टर में गन्ना लेकर बिक्री के लिए किरोड़ीमलनगर आने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम किरोड़ीमलनगर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने गोरखा रोड पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी बोले- महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर तत्काल होगी कार्रवाई
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में निरीक्षक राकेश मिश्रा, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, राजेश उरांव, संदीप भगत और आरक्षक रविन्द्र गुप्ता शामिल रहे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से ले रही है। पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिला सुरक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
