Bemetara News: दाढ़ी के आत्मानंद स्कूल में प्राचार्य पर प्रताड़ना के आरोप, जांच नहीं हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन की चेतावनी
Bemetara News: बेमेतरा जिले के दाढ़ी स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय स्कूल में विवाद गहराता जा रहा है। स्कूल के प्राचार्य पर संविदा शिक्षकों और महिला कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना, आर्थिक शोषण और नौकरी से निकालने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
वेतन से वसूली और सीआर बिगाड़ने की धमकी का आरोप
संघ के ज्ञापन के मुताबिक स्कूल में काम कर रहे संविदा शिक्षकों को लगातार परेशान किया जा रहा है। आरोप है कि उन्हें नौकरी से हटाने और गोपनीय चरित्रावली (सीआर) खराब करने की धमकी दी जाती है। संघ ने वेतन से अवैध वसूली का मुद्दा भी उठाया है। इसके अलावा महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश के नाम पर परेशान किए जाने की शिकायत भी की गई है।
महिला शिक्षिकाओं ने पहनावे पर टिप्पणी और अपमानजनक शब्दों का लगाया आरोप
स्कूल की महिला शिक्षिकाओं ने प्राचार्य गेंदलाल चतुर्वेदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्राचार्य उनके पहनावे को लेकर अश्लील टिप्पणियां करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके लिए ‘टोनही’ जैसे अपमानजनक शब्द इस्तेमाल किए जाते हैं।
12 हजार संविदा शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करने वाले संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
संघ ने ज्ञापन में साफ किया है कि वह प्रदेश के लगभग 12 हजार संविदा शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करता है। उसकी मांग है कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए। संघ ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि इस अवधि में सकारात्मक पहल नहीं हुई तो वह प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
───
