Raigarh News: बेहरामार में पकड़ी गई हाथ भट्ठी शराब के मामले में आरोपी जयपाल राठिया दोषी करार, 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगा
Raigarh News: अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ छाल पुलिस की कार्रवाई को बड़ी कामयाबी मिली है। ग्राम बेहरामार में 530 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब की जब्ती के मामले में घरघोड़ा न्यायालय ने आरोपी जयपाल राठिया (40 वर्ष) को दोषी ठहराया है। कोर्ट ने उसे 1 वर्ष के सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड न चुकाने पर उसे 3 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
17 नवंबर को आया फैसला, न्यायिक मजिस्ट्रेट मिनी ठाकुर ने सुनाई सजा
यह फैसला 17 नवंबर 2026 को प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती मिनी ठाकुर की अदालत ने सुनाया। कोर्ट ने मौखिक और दस्तावेजी साक्ष्यों को परखने के बाद पाया कि आरोपी के पास से 530 लीटर शराब बरामद हुई थी और वह इसे बिना वैध अनुज्ञा पत्र के अपने कब्जे में रखे हुए था। इसी आधार पर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध सिद्ध माना गया।
मुखबिर की सूचना पर 23 मार्च को बेहरामार में पड़ी थी दबिश
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर छाल पुलिस ने ग्राम बेहरामार में छापा मारा था। आरोपी जयपाल राठिया पिता कोलसिंह राठिया के कब्जे से एक सिंटेक्स टंकी, 8 जरीकेन और 10 बोतलों में भरी कुल 530 लीटर महुआ शराब जब्त की गई थी। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया था। इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी को 5 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया था।
7 मई को पेश हुआ चालान, 10 गवाहों के बयान और 34 आर्टिकल बने सबूत
मामले की विवेचना थाना छाल के प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय ने की। साक्ष्य जुटाकर दोनों आरोपियों के खिलाफ 7 मई 2026 को कोर्ट में चालान पेश किया गया। शासन की ओर से एडीपीओ सत्यप्रकाश महिलाने ने पैरवी की। अभियोजन ने 10 गवाहों के बयान कराए और 34 महत्वपूर्ण आर्टिकल कोर्ट के सामने रखे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी और विवेचक की की सराहना
इस फैसले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नसीर खान और विवेचक प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय की प्रशंसा की। उन्होंने प्रभावी विवेचना और कोर्ट में ठोस साक्ष्य रखने के प्रयासों को सराहा।
