



रायगढ़. शहर के खरसिया रोड में भगवानपुर से पहले अग्रोहाधाम चौरिटेबल ट्रस्ट ने अपने तमाम ट्रस्टीज, अग्रोहाधाम निर्माण के सहयोगियों सहित समूचे अग्र समाज को दीपावली मिलन समारोह में मंगलवार की शाम आमंत्रित किया। आयोजन के औपचारिक सत्र में शहर के बलिदानी बेटे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी को उनकी पत्नि और बेटे के साथ अग्र समाज की तरफ से भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। मंच पर आसीन अग्रोहाधाम चौरिटेबल ट्रस्ट के तमाम पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की और इसके बाद यहां भजन संध्या का कार्यक्रम शुरू हुआ। जिसमें भगवान गणेश के भजन के बाद महाराजा अग्रसेन जी के भजनों के साथ अन्य भजनों की प्रस्तुति दी गई। यहां मौजूद अग्र समाज भी उन भजनों को सूनने के बाद खुद को रोक नहीं पाए और भजन संगीत में जमकर झूमने लगे। इसके अलावा यहां रात्रि भोज का भी आयोजन किया गया था। जहां कई तरह के पकवानों का मचा भी यहां मौजूद अग्र समाज के लोगों ने उठाया। अग्रोहाधाम चौरिटेबल ट्रस्ट के दीपावली मिलन समारोह को खास और यादगार बनाने बॉलीवुड की मशहूर गायिका तृप्ति शाक्या को आमंत्रित किया गया था। उनके साथ म्यूजिक बैण्ड भी आया हुआ था लिहाजा सुर और संगीत की शानदार महफिल ने कार्यक्रम में रंग जमा दिया। मीठी मीठी ठण्ड के साथ जिसका आनंद कार्यक्रम में मौजूद हर शखस ने लिया। इस सामाजिक आयोजन से हर किसी को ये भरोसा हो गया कि रायगढ़ में बीस करोड़ की लागत से बनने वाला सामाजिक भवन अग्रोहाधाम जल्द ही जनसेवा के लिए समर्पित होगा।

💥भवन के मेन स्ट्रक्चर का निर्माण पूरा💥
अग्रोहाधाम चौरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल और सचिव सुशील मित्तल ने ट्रस्ट की तरफ से अग्रोहाधाम निर्माण कार्य की गति की जानकारी दी गई। जिसके मुताबिक दो-दो कोविड लॉक डाऊन के बावजूद पच्चीस महीनों में ही भवन के मेन स्ट्रक्चर का निर्माण पूरा हो गया है और अब सौंदर्यीकरण का काम जारी है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही बहुमंजिला अग्रोहाधाम भवन पूरी खुबसूरती के साथ बनकर तैयार हो जाएगा जो रायगढ़ छत्तीसगढ़ ही नहीं देश के बड़े अत्याधुनिक सामाजिक भवनों में शुमार होगा। अग्रोहाधाम को बनाने के लिए अग्र समाज ने काफी योगदान दिया है और आने वाले समय में इसका निर्माण जल्द ही हो जाएगा।
