रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।
नकली एवं अवैध रूप से भंडारित दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज औषधि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सारंगढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान हीम मेडिकल के संचालक खेमराज बानी के निवास बनिया पारा घर पर दबिश दी,जहां से लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये मूल्य की दवाएं जब्त की गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर औषधि नियंत्रण विभाग को नकली दवाओं के भंडारण एवं अवैध बिक्री की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर रायपुर एवं रायगढ़ की संयुक्त टीम गठित कर वार्ड क्रमांक-1, मकान नंबर 85, बनियापारा, सालारविलाईगढ़ स्थित खेमराज बानी के घर पर छापा मारा गया।

बिना लाइसेंस के भंडारण, दस्तावेज नहीं मिले
दबिश के दौरान मौके पर एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक दवाओं का भारी भंडारण पाया गया। पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति दवाओं के क्रय-विक्रय से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज, बिल या औषधि लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इससे यह स्पष्ट हुआ कि दवाओं का भंडारण बिना वैध अनुमति किया जा रहा था।

14 प्रकार की दवाएं जब्त, मूल्य 2.25 लाख
कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 14 प्रकार की दवाएं जब्त कीं, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। जब्त की गई दवाओं में प्रमुख रूप से—
Amoxicillin Muxmed CV 625, AlMOX CV 625, Tefxiples, Mahazone SB, Pironying, Amiget 500 सहित अन्य दवाएं शामिल हैं।
नकली होने के संदेह में नमूने जांच को भेजे गए

दवाओं की गुणवत्ता को लेकर संदेह जताते हुए कुछ दवाओं के नमूने जांच के लिए रायपुर स्थित औषधि परीक्षण प्रयोगशाला (लैब) भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई
इस पूरे मामले में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धारा 18(1) के उल्लंघन एवं दंडनीय धारा 27 (B)(ii) के अंतर्गत फॉर्म-16 में विधिवत जब्ती पंचनामा तैयार कर कार्रवाई की गई है। फिलहाल प्रकरण की विवेचना जारी है।
कार्रवाई में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस कार्रवाई में औषधि निरीक्षक, अमित राठौर,सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है~कि नकली और अवैध दवाओं के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
