रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें ~98279-50350
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में चल रहा सेवा संकल्प अभियान, घरघोड़ा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीर वाली होर्डिंग को लेकर विवाद; जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
घरघोड़ा, रायगढ़। देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों और आयोजनों का संचालन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सेवा, जनकल्याण और जनहित से जुड़े कार्यों को प्रोत्साहित करना है। लेकिन इसी बीच रायगढ़ जिले के नगर पंचायत घरघोड़ा से सामने आया एक मामला नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत घरघोड़ा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की तस्वीर वाली होर्डिंग को कचरा गाड़ी में रखकर नगर के चौक-चौराहों पर घुमाया गया। आरोप है कि होर्डिंग को अलग-अलग स्थानों पर रखकर फोटो सेशन भी किया जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम ने स्थानीय स्तर पर चर्चा को जन्म दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर मुख्यमंत्री की तस्वीर वाली होर्डिंग को कचरा गाड़ी में रखकर इस तरह घुमाने की आवश्यकता क्यों पड़ी?
सेवा संकल्प अभियान के बीच ऐसी कार्यशैली क्यों?
एक ओर सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा और जनहित का संदेश दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री की तस्वीर वाली होर्डिंग को कचरा गाड़ी में रखे जाने का मामला सामने आना कई सवाल खड़े करता है। यदि यह घटनाक्रम संबंधित जिम्मेदारों की जानकारी में हुआ है, तो इसकी परिस्थितियों और निर्णय लेने वालों की भूमिका की जांच की जानी चाहिए।
क्या होर्डिंग को कचरा गाड़ी में रखने के पीछे कोई प्रशासनिक आवश्यकता थी? क्या इसके लिए कोई निर्धारित प्रक्रिया अपनाई गई थी? या फिर यह महज लापरवाही का परिणाम है? इन सवालों का जवाब नगर पंचायत प्रशासन को देना चाहिए।
फोटो सेशन को लेकर भी उठ रहे सवाल
मामले में कचरा गाड़ी में होर्डिंग रखकर चौक-चौराहों पर ले जाने और फोटो सेशन किए जाने का आरोप भी सामने आया है। यदि यह आरोप सही है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच जरूरी है। आखिर किसके निर्देश पर यह गतिविधि की गई और इसके पीछे क्या उद्देश्य था? यह जांच का विषय है।
जिम्मेदार विभाग क्या करेगा?
अब निगाहें संबंधित विभाग और नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों पर टिकी हैं। क्या इस मामले में जांच कराई जाएगी? क्या मुख्यमंत्री की तस्वीर वाली होर्डिंग को कचरा गाड़ी में रखे जाने के मामले में जिम्मेदारी तय होगी? या फिर पूरा मामला केवल चर्चा तक ही सीमित रह जाएगा?
स्थानीय स्तर पर इस मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और यदि लापरवाही प्रमाणित होती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग उठ रही है।
अब देखना होगा कि सेवा संकल्प अभियान के बीच सामने आए इस मामले को संबंधित विभाग कितनी गंभीरता से लेता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई करता है।
न्यूज़ मिर्ची की नजर: मामले में नगर पंचायत प्रशासन का पक्ष और होर्डिंग को कचरा गाड़ी में रखने के पीछे का वास्तविक कारण सामने आना बाकी है।
