रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
आईपीएल की तर्ज पर टेनिस बॉल क्रिकेट, 10 टीमों के बीच कड़ा मुकाबला
शतरंज और कैरम में बड़ी भागीदारी, मानसिक सशक्तिकरण पर जोर
21 दिसंबर को फाइनल मुकाबला व पुरस्कार वितरण समारोह

रायगढ़।जिला जेल रायगढ़ में पहली बार बंदियों के स्वस्थ मनोरंजन, मानसिक सशक्तिकरण और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य खेल उत्सव का आयोजन किया गया है। समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से यह आयोजन आईपीएल की तर्ज पर नॉकआउट टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के रूप में किया जा रहा है, जो 21 दिसंबर तक चलेगा!

इस अनोखी क्रिकेट प्रतियोगिता में बंदियों की कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। मैचों को लेकर जेल परिसर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दर्शक दीर्घा में मौजूद बंदी तालियों और उत्साहवर्धन के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे हैं। इससे जेल का माहौल सकारात्मक और ऊर्जावान नजर आ रहा है।

क्रिकेट के साथ-साथ बंदियों के बौद्धिक विकास को ध्यान में रखते हुए शतरंज और कैरम प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है। शतरंज प्रतियोगिता में 52 बंदी जबकि कैरम में 76 बंदियों ने भाग लिया है। इन खेलों के माध्यम से बंदियों में एकाग्रता, धैर्य और अनुशासन जैसे गुण विकसित हो रहे हैं।

जिला जेल अधीक्षक ने बताया कि खेल उत्सव का फाइनल मुकाबला 21 दिसंबर को खेला जाएगा। इसी दिन प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बंदियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल से न केवल बंदियों का मनोरंजन हो रहा है, बल्कि उनके पुनर्वास और सकारात्मक सोच को भी मजबूती मिल रही है।

































