रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क~98279-50350

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पानी में डूबने से एक हाथी के बच्चे की मौत हो गई। यह मामला रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र के बंगुरसिया सर्किल अंतर्गत बडझरिया गांव का है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नहाने के दौरान तालाब में डूबा 6 माह का हाथी का बच्चा

मिली जानकारी के अनुसार, बडझरिया गांव के तालाब में कल शाम हाथियों का एक दल पानी पीने और नहाने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान लगभग 6 माह का एक हाथी का बच्चा तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद तालाब के आसपास हाथियों की चिंघाड़ सुनाई दी।
हाथियों की चिंघाड़ से गांव में मचा हड़कंप
हाथियों की तेज आवाजें सुनकर गांव के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति को समझते हुए तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के आसपास करीब 30 हाथियों का दल विचरण कर रहा था,जिसमें यह हाथी का बच्चा भी शामिल था।

हाथियों ने खुद निकाला शव, सुबह जंगल की ओर लौटे
ग्रामीणों के अनुसार, बच्चे की मौत के बाद हाथियों ने खुद ही तालाब से शव को बाहर निकाला और आज सुबह जंगल की ओर चले गए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत हाथी के बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वन विभाग द्वारा आगे की आवश्यक कानूनी एवं वन्यजीव संरक्षण संबंधी कार्रवाई की जा रही है।


































