रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

मैंने बहुत पैसा खर्च करा दिया…
रायगढ़ के ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी में एक बड़ी घटना घटी है। यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली बीटेक की एक छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रिंसी कुमारी (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो झारखंड के जमशेदपुर (टाटा) की रहने वाली थी और ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी में बी-टेक सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:30 बजे प्रिंसी के परिजन उसे मोबाइल पर लगातार कॉल कर रहे थे, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद जब उसने फोन रिसीव नहीं किया तो परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी हॉस्टल की वार्डन को फोन कर छात्रा की जानकारी लेने को कहा।

जब वार्डन प्रिंसी के हॉस्टल कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।
आशंका होने पर वार्डन ने खिड़की से झांककर देखा, जहां प्रिंसी को फांसी के फंदे पर लटका पाया गया।

इसके बाद तत्काल अन्य छात्राओं को सूचना दी गई और पूंजीपथरा पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कमरे का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

सुसाइड नोट में प्रिंसी ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा है कि वह उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। उसने यह भी लिखा कि उसकी पढ़ाई में बहुत ज्यादा पैसा खर्च हो गया है और माता-पिता के सेविंग अकाउंट का पैसा भी खर्च हो रहा है।

उसने खुद को पढ़ाई में कमजोर बताते हुए यह लिखा कि वह अपने मम्मी-पापा का नाम खराब कर रही है और इसके लिए वह बेहद शर्मिंदा है।
पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और उसे जांच का अहम आधार माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन झारखंड से रायगढ़ पहुंचे।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।गौरतलब है कि ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी में इससे पहले भी छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में एक बार फिर यूनिवर्सिटी प्रशासन और छात्र कल्याण व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।



























