रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-5030

चोरी और संगठित अपराध की धाराओं के तहत कार्यवाही
रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने अवैध कोयला परिवहन के एक बड़े और संगठित अपराध का पर्दाफाश किया है।फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी का कोयला रायगढ़ लाया जा रहा था।

कार्रवाई में ट्रेलर वाहन चालक और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने वाले मास्टरमाइंड की भूमिका भी सामने आई है।मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, पीछा कर पकड़ा गया ट्रेलर,प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-10-R-2601 में सिसरिंगा, धरमजयगढ़ की ओर से अवैध कोयला लोड कर रायगढ़ की ओर लाया जा रहा है।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने धरमजयगढ़ रोड बाईपास तिराहा, घरघोड़ा में घेराबंदी की।
मुखबिर के बताए अनुसार संदिग्ध ट्रेलर दिखाई दिया। जब पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन को तेज रफ्तार में घरघोड़ा शहर की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए थाना घरघोड़ा के सामने लैलूंगा रोड पर घेराबंदी कर ट्रेलर को रोक लिया।
जांच में खुला फर्जी नंबर प्लेट और 20 टन चोरी के कोयले का राज
वाहन चालक की पहचान आदर्श महतो उर्फ हैप्पी (25 वर्ष) निवासी एसईसीएल बरघाट कॉलोनी, घरघोड़ा तथा उसके साथी अखिल लहरे (23 वर्ष) निवासी ग्राम गोडम, थाना सारंगढ़, हाल मुकाम चक्रधरनगर रायगढ़ के रूप में हुई।पूछताछ के दौरान दोनों के जवाब संदेहास्पद पाए गए।
जांच में सामने आया कि ट्रेलर के मूल पंजीयन नंबर को काले रंग की पॉलिश से छिपाया गया था तथा इंजन और डाले पर कई जगह फर्जी पंजीयन नंबर CG-10-R-2601 के स्टीकर चिपकाए गए थे। ट्रेलर में करीब 20 टन अवैध कोयला लोड पाया गया, जिसे जब्त कर लिया गया।
बाबा ट्रैवल्स संचालक की भूमिका उजागर,
संगठित अपराध की धाराओं में केस दर्ज…गवाहों के समक्ष पूछताछ में खुलासा हुआ कि रायगढ़ के मिनी स्टेडियम के पास स्थित बाबा ट्रैवल्स के संचालक अमित अग्रवाल द्वारा योजनाबद्ध तरीके से फर्जी नंबर प्लेट के स्टीकर बनवाए गए थे। उसके निर्देश पर ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-10-R-1927 में चोरी का कोयला लोड कर असली नंबर हटाकर फर्जी नंबर लगाकर रायगढ़ लाया जा रहा था।

पुलिस ने ट्रेलर वाहन सहित करीब 20 टन कोयला जब्त किया है। मामले में आरोपी
1. आदर्श महतो उर्फ हैप्पी
2. अखिल लहरे
3. अमित अग्रवाल
के विरुद्ध अपराध क्रमांक 332/2025 के तहत धारा 303(2), 112(2), 61(2), 338, 336(3), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

घरघोड़ा पुलिस ने आदर्श महतो एवं अखिल लहरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक राम सजीवन वर्मा एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


































