रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

पर्यावरण कानूनों की अनदेखी पड़ी भारी
सोहनपुर में पर्यावरण से खिलवाड़: लैलूंगा पुलिस ने अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग का किया पर्दाफाश
अवैध फ्लाई ऐश कारोबार पर करारा प्रहार: 6 करोड़ की संपत्ति जब्त, 9 हाइवा-ट्रेलर सीज….
रायगढ़।जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोहनपुर में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। लैलूंगा पुलिस ने पर्यावरण के प्रति घोर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मौके से 9 भारी वाहनों को फ्लाई ऐश सहित जप्त किया है। जप्त संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि प्लांट से निकलने वाली फ्लाई ऐश को बिना किसी वैधानिक अनुमति के ट्रेलर और हाइवा वाहनों के माध्यम से ग्राम सोहनपुर क्षेत्र में खुले स्थान पर डंप किया जा रहा है। यह गतिविधि न केवल पर्यावरण नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।
सूचना की पुष्टि होते ही थाना प्रभारी अपने स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने देखा कि कई वाहन फ्लाई ऐश को खुलेआम अनलोड कर रहे थे। मौके पर मौजूद वाहन चालकों से जब फ्लाई ऐश परिवहन और डंपिंग से संबंधित वैध अनुमति, परमिट या दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए 7 हाइवा और 2 ट्रेलर सहित कुल 9 वाहनों को जप्त कर लिया।

सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा है~कि यह सभी गाड़ियां रांची के किसी हर्ष नामक कारोबारी की बताई जा रही है!

तथा इन वाहनों में भारी मात्रा में फ्लाई ऐश लोड था, जिसकी कीमत के साथ वाहनों का कुल मूल्य लगभग 6 करोड़ रुपये आंका गया है।

पुलिस द्वारा इस पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर पर्यावरण विभाग को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। माना जा रहा है कि जांच के बाद अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग से जुड़े अन्य जिम्मेदार लोगों और नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध फ्लाई ऐश कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी अवैध कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





























