रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शहर के बीचों-बीच स्थित देव होटल के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर दो बार हवाई फायरिंग की गई, जिससे आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। होटल के बाहर और सड़क पर मौजूद दुकानदारों व राहगीरों में डर साफ देखा गया। कई लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी!!

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि शुरुआती तौर पर पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि उन्होंने खुद गोली चलने की आवाज सुनी और कुछ लोगों को हथियार लेकर भागते हुए भी देखा गया।

स्थानीय सूत्रों और लोगों का कहना है कि यह मामला दो गुटों के बीच चल रहे पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच कई बार कहासुनी और विवाद हो चुका है, जो इस बार हिंसक रूप ले बैठा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने में जुटी हुई है।

पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



